चंडीगढ़। मौली गांव की एक फर्म को फर्जी ई-मेल भेजकर शातिर ने 15 लाख रुपये का चूना लगा दिया। फर्म के निर्माण कार्य के लिए हैदराबाद की एक कंपनी से 40 लाख रुपये का सामान मंगवाने की बात चल रही थी, लेकिन किसी ने कंपनी को फर्जी ई-मेल भेजकर 15 लाख रुपये अपने खाते में डलवा लिए।
चंद्रांचल बीके प्राइवेट लिमिटेड (फर्म) की अकाउंटेंट मोनिका ने बताया कि हैदराबाद की एक कंपनी से निर्माण कार्य के लिए 40 लाख रुपये का सामान मंगवाने के लिए बात चल रही थी। पहले भी वह इस कंपनी से सामान मंगवाते थे और एक ही बैंक खाते में रुपये डालते थे, लेकिन इस बार उन्हें ई-मेल पर उक्त कंपनी से मेल आई कि जिस बैंक खाते में पहले पैसे आते थे, उसकी ऑडिट चल रही है, इसलिए दूसरे अकाउंट नंबर पर रुपये भेज दें। इसके बाद उनकी फर्म ने उस खाते में 15 लाख रुपये डलवा दिए। बाद में जब हैदराबाद से दीपक से चंद्रांचल बीके प्राइवेट के मार्केटिंग विभाग के हंसराज ने बात की तो वह हैरान रह गए। दीपक ने बताया कि उन्हें रुपये नहीं मिले हैं। दीपक ने कहा कि उन्होंने दूसरे खाते में रुपये ट्रांसफर करने संबंधित कोई ई-मेल भी नहीं की है। इसके बाद मोनिका ने एसएसपी विंडो पर शिकायत दी। शिकायत के बाद मौलीजागरां थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच साइबर सेल को सौंप दी। पुलिस ने बैंक खाते की जांच की तो पता चला 15 लाख रुपये त्रिपुरा के एक बैंक खाते में ट्रांसफर हुए हैं। पुलिस अब बैंक रिकॉर्ड लेकर सारी जानकारियां हासिल कर रही है।