गौरव पटियाल उर्फ लक्की गैंगस्टर सुखप्रीत सिंह बुड्डा का भी खासमखास बताया जा रहा है। लक्की हत्या के एक मामले में पैरोल पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद से वह फरार हो गया। अप्रैल 2018 में गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह बाबा के साथ लक्की का नाम पंजाबी गायक परमीश वर्मा पर जानलेवा हमले में आया था। इस मामले में पकड़ में न आने के बाद इसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। सूत्रों के अनुसार पुलिस को आशंका है कि रोमानिया में बैठकर लक्की के इशारे पर सुरजीत की हत्या हुई है।
10 मिनट में पहुंच रहा हूं घर, 20 मिनट बाद सुनी मौत की खबर
पुलिस को दी शिकायत में सुरजीत की पत्नी मीनाक्षी ने बताया कि वह किराए के मकान में बेटे और सुरजीत के साथ रहती है। सुरजीत सेक्टर-22 स्थित मोबाइल मार्केट में फाइनेंस का काम करता था। सोमवार रात को वह समय से घर नहीं आए, जिसके बाद रात करीब 10.33 बजे सुरजीत को कॉल की गई। सुरजीत ने कहा कि थोड़ी देर इंतजार करो, वह 10 मिनट में घर पहुंच जाएगा। इसके बाद रात 10.54 बजे दोबारा फोन किया तो एक शख्स ने मोबाइल पर कहा कि सुरजीत को गोली मार दी गई है।
सितंबर 2016 में बठिंडा पुलिस के एनकाउंटर में मारे गए गैंगस्टर दविंदर बंबीहा के फेसबुक अकाउंट पर सुरजीत की हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए लिखा गया कि वीरों आप सब नू जानकारी देन लई, एहे पोस्ट पाई जा रही आ, आज अपने प्रा लक्की ने अपने प्रा मीत मनीमाजरा आले दा बदला सुरजीत बाउंसर नूं मार के ले लेया।
ते जेहड़े हौर भी अपने दुश्मन है ओना द भी ऐहो हाल होना। जे ओहना ने किसे साडडे प्रा द नुकसान करन द सोचया त उन्हा द भी यही काम हाउगा। साड्डी दुश्मनी पुरानी हो सकती है पर भुल्ली नहीं जांदी। अज तो तीन साल पहला सुरजीत ने अपना प्रा मीत मरया से। ते अज अपने प्रा लक्की ने ओहनू मार के अपनी यारी निभाई। अस्सी कदे नाजायज कम नीं कित्ता।
जीएमएसएच-16 में हुआ पोस्टमार्टम
मंगलवार दोपहर बाउंसर सुरजीत का पोस्टमार्टम जीएमएसएच-16 में हुआ। पुलिस ने कागजी कार्रवाई करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इस दौरान परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। सुरजीत तीन भाइयों में मझला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि सुरजीत के कान के ऊपर गोली लगने के कारण उसकी मौत हुई है।
यह है मामला
सोमवार रात सेक्टर-38 वेस्ट निवासी बाउंसर सुरजीत अपनी सियाज कार से मोहाली से वापस घर लौट रहा था। स्मॉल चौक के पास पहुंचा तो काले रंग की बाइक सवार दो बदमाशों ने सुरजीत पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे वह लहूलुहान हो गया। सुरजीत को तुरंत पीजीआई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मलोया थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ 34, आर्म्स एक्ट, हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।