वहीं वायरस के प्रति गंभीरता दिखाते हुए एलएनजेपी अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग के आपातकालीन विभाग को दोनों तरफ से बंद कर किसी भी मरीज की एंट्री को वहां बैन कर दिया गया है। इस विभाग में केवल फ्लू के मरीजों को ही जाने की इजाजत है। लोगों को जागरूक करने के लिए अस्पताल परिसर में कई जगह वायरस से बचने की हिदायतें लिखी जा रही हैं। मरीजों के लिए एक सहायता केंद्र भी स्थापित किया गया है।
रेलवे स्टेशन पर हर पांच मिनट में हो रही अनाउसमेंट
रेल गाड़ियों में भीड़ एक साथ भारी संख्या में सफर करती है ऐसे में वायरस के प्रति जागरूकता यहां सबसे ज्यादा जरूरी हो जाती है। वायरस के प्रति यात्रियों को जागरूक करने के लिए कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर हर पांच मिनट बाद कोरोना वायरस को लेकर अनाउसमेंट की जा रही है। स्टेशन मास्टर एसएन गुप्ता ने कहा कि स्टेशन परिसर को सैनेटाइज किया जा रहा है। सभी स्टाफ को सैनेटाइजर व मास्क उपलब्ध करा दिए गए हैं। वहीं परिसर में जगह-जगह पोस्टर लगाकर इस वायरस से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।
रोडवेज कर्मचारियों की सुरक्षा राम भरोसे
रोडवेज कर्मचारियों को रोजाना लंबे रूटों पर बस लेकर जाना होता है, ऐसे में दिन में वे हजारों यात्रियों के बीच रहते हैं। लेकिन इन कर्मचारियों को अभी तक न तो सैनेटाइजर उपलब्ध कराए गए हैं और न हीं मास्क। लोगों को जागरूक करने के लिए बस अड्डा परिसर में अब तक किसी प्रकार की अनाउसमेंट भी शुरु नहीं की गई है।
ड्राइवर व कंडक्टर बिना मास्क व सैनेटाइज के ही बसें में यात्रियों के बीच ड्यूटी दे रहे हैं। कुछ कर्मचारी वायरस से बचाव के लिए कपड़े से मुंह ढके हुए हैं। रोडवेज महाप्रबंधक अश्वनी डोगरा ने कहा कि मास्क और सैनेटाइजर आर्डर कर दिए गए हैं। बुधवार को कर्मचारी को यह उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
ब्रह्मसरोवर को किया सील
ब्रह्मसरोवर पर रोजाना हजारो की संख्या में देश-विदेश से पर्यटकों का आवागमन होता है। बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटक इस सरोवर में स्नान भी करते हैं। वायरस के प्रकोप के चलते यहा उनके स्नान व एकत्रित भीड़ पर पाबंदी लगाने के लिए ब्रह्मसरोवर को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने कहा कि ब्रह्मसरोवर सील होने के चलते शहरवासी भी इसमें प्रवेश नहीं कर सकते हैं।