पंजाब विधानसभा चुनाव में वोट के बदले नशा न हो इसके लिए पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा लिए गए संज्ञान मामले में चुनाव आयोग ने हलफनामा दाखिल कर बताया कि आयोग अंतरराज्यीय और क्रॉस बॉर्डर ड्रग्स, शराब और कैश की रोकथाम के लिए कठोर कदम उठा रहा है। अब तक 313 करोड़ रुपये की करीब चार हजार किलो ड्रग्स जब्त की गई है।
पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. एस करुणा राजू ने हाईकोर्ट में हलफनामा दायर कर बताया कि पंजाब के चुनाव में मतदाताओं को लुभाने और डराने वालों पर जीरो-टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। आयोग की तरफ से नारकोटिक्स कंट्रोल बोर्ड सहित अन्य सभी एजेंसियों को हिदायत दी जा चुकी है कि अंतरराज्यीय और क्रॉस बॉर्डर ड्रग्स, शराब और कैश की रोकथाम के लिए कठोर से कठोर कदम उठाएं।
हाईकोर्ट को यह भी बताया गया कि इस सख्ती के चलते ही अब तक करीब 313 करोड़ रुपये की करीब चार हजार किलो ड्रग्स जब्त की जा चुकी है। इसके लिए सभी एजेंसियां पूरी तालमेल के साथ काम कर रही हैं। चुनाव अधिकारी ने हाईकोर्ट को विश्वास दिलाया कि राज्य में निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव करवाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। पंजाब सरकार ने जवाब दायर करने के लिए हाईकोर्ट से समय की मांग की है।