विकास और बदलाव को युवाओं ने बताया मुद्दा
- फोटो : अमर उजाला
वोट बनवाने का मौका आ गया है, दस्तावेज तैयार करने में जुट जाएं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चंडीगढ़ प्रशासन नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए स्पेशल ड्राइव चलाने जा रहा है ताकि 18 से 21 वर्ष के युवा मतदाताओं को वोटर लिस्ट में शामिल किया जा सके। डीसी अजीत बालाजी जोशी ने बताया कि 1 से 31 जुलाई तक शहर में बूथ लेवल पर डोर टू डोर अभियान चलाकर नए वोटरों का पंजीकरण होगा।
18 से 21 साल के युवाओं के वोट बनाने के लिए प्रशासन विशेष अभियान चलाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने एरिया में घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। डीसी ने बताया कि 2011 की जनगणना और अब में बड़ा अंतर आ गया है। 2009 में 65 प्रतिशत लोग मतदाता सूची में शामिल थे। 2014 में यह आंकड़ा बढ़कर 73.4 प्रतिशत तक दर्ज किया गया।
प्रशासन की कोशिश रहेगी कि सभी युवा मतदाताओं को सूची में शामिल किया जा सके। जो लोग बाहर से आकर चंडीगढ़ में रह रहे हैं, उन्हें भी मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। इसके लिए नई रूपरेखा तैयार की गई है। ऐसे मतदाताओें के लिए 9 और 23 जुलाई को रविवार के दिन सभी बूथ लेवल अधिकारी अपने एरिया के पोलिंग स्टेशन में बैठकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे।