रम बनाने के लाइसेंस पर अवैध रूप से व्हिस्की और ब्रांडी बनाने के आरोप में रांची पुलिस ने चंडीगढ़ पहुंचकर बिजनेसमैन नरेश नरूला को गिरफ्तार कर रांची ले गई।
बिजनेसमैन को गिरफ्तार करने के लिए रांची पुलिस हवाई जहाज से बुधवार को चंडीगढ़ पहुंची थी। चंडीगढ़ पहुंचते ही टीम सीधा सेक्टर- 11 पुलिस स्टेशन में पहुंची। वहां पर सेक्टर- 11 पुलिस स्टेशन की हिरासत में रखे नरेश नरूला की रांची पुलिस ने गिरफ्तारी डाली।
रांची पुलिस नरेश नरूला को अब पूछताछ के लिए रांची लेकर जाएगी। रांची पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया बिजनेसमैन नरेश नरूला सेक्टर- 11 में रहते है। दिनेश नरूला की शराब फैक्ट्री नाहन, काला अंब और रांची में है।
यह था मामला
रांची पुलिस ने शनिवार को रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के सिदरौल पंचायत अंतर्गत पलांडू स्थित त्रिलोकसंस बीवरेज एंड डिस्टलरीज फैक्ट्री से 60 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त की थी। उत्पाद आयुक्त राकेश कुमार ने बताया कि जब्त व्हिस्की और ब्रांडी की बोतलों पर हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में बिक्री किए जाने वाले लेबल लगे हुए थे।
पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री हिमाचल प्रदेश के रहने वाले दिनेश नरूला की है। कंपनी के कर्मचारी बलराम गुप्ता सहित 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में ब्लेंडर प्राइड और रॉयल स्टैग सहित अन्य महंगे ब्रांड की तैयार 650 पेटी नकली शराब, स्प्रिट सहित खाली बोतल, कॉर्क व अन्य सामान जब्त किया गया है। जब्त सामान की कीमत 60 लाख के करीब है।