फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करनाल: 15 मिनट में 20 लाख रुपये लूटे...हथियारों के बल पर लुटेरों ने बैंक में मचाया तांडव, कर्मचारियों को बंधक बनाया

Wed, 06 Oct 2021 02:38 AM IST
ajay kumar संवाद न्यूज एजेंसी, निसिंग (करनाल)

सार

लुटेरों ने पहले महिला कैशियर सुनीता से 15 लाख रुपये, जो कि केबिन में रखे थे, बैग में डलवाए फिर स्ट्रांग रूम खुलवाकर करीब 5 लाख रुपये वहां से लूटे, उन्होंने सिक्के वहीं छोड़ दिए। इसके बाद लुटेरों ने मैनेजर अतुल व उनके पास बैठे एक उपभोक्ता सहित सात कर्मचारियों को स्ट्रांग रूम में बंधक बना गेट को ताला लगा दिया।
 
विज्ञापन
मौके पर जांच करते अधिकारी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

करनाल-कैथल रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में दिनदहाड़े मास्क पहने तीन लुटेरों ने हथियार के बल पर करीब 20 लाख रुपये की लूट की। लुटेरों ने पहले सुरक्षाकर्मी से मारपीट कर उसकी बंदूक छीनी फिर बैंक कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर लेकर करीब 20 लाख रुपये बैग में भरे। लुटेरों ने इस पूरी घटना को महज 15 मिनट में अंजाम दिया।

विज्ञापन

 
इसके बाद कर्मचारियों को स्ट्रांग रूम में बंद कर वे पल्सर बाइक पर फरार हो गए। हालांकि बैंक के बाहर लुटेरों को पुलिस की पीसीआर दिखाई दी लेकिन बदमाश दो हवाई फायर कर तेजी से शहर की तरफ फरार हो गए। उधर, सूचना मिलने पर एसपी सहित सीआईए की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। 

पुलिस ने ही बैंक के स्ट्रांग रूम में बंदी बनाए गए बैंक कर्मियों को मुक्त कराया। करनाल के पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने बैंक में सभी कर्मचारियों से घटना का ब्योरा लिया और बैंक का निरीक्षण किया।
विज्ञापन


सीसीटीवी तोड़ डीवीआर साथ ले गए बदमाश
पुलिस यह देखकर हैरान रह गई कि बदमाश घटना को अंजाम देकर न केवल सीसीटीवी तोड़ गए, बल्कि इससे संबंधित डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) भी साथ ले गए। पुलिस ने फिलहाल सीआईए समेत तीन विशेष टीमों का गठन किया है। सूत्रों ने बताया ये जांच टीमें यूपी, दिल्ली व हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में लुटेरों की तलाश में निकल चुकी हैं।

विज्ञापन

विशेष टीमें गठित, तलाश शुरू

पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया का कहना है कि जल्द लुटेरों को पकड़ लिया जाएगा। विशेष टीमें गठित हो चुकीं हैं। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस को बैंक के अंदर से एक खाली कारतूस व तीन राउंड मिले हैं। बैंक के बाहर आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला जा रहा है।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम
मंगलवार दोपहर 3:45 बजे मास्क लगाकर ग्राहक बनकर आए तीन लुटेरे बैंक के अंदर घुस गए। सुरक्षाकर्मी रविंद्र ने पूछा, ‘क्या काम है तो उनमें से एक बोला, रुपये जमा कराने हैं।’ जैसे ही सुरक्षाकर्मी दूसरी ओर घूमा पीछे से तीन लुटेरों ने सुरक्षाकर्मी को पकड़ लिया और मारपीट कर उससे बंदूक छीन ली। इस दौरान लुटेरों ने अपनी पिस्तौल निकाल ली।

गन प्वाइंट पर लेकर उन्होंने पहले महिला कैशियर सुनीता से 15 लाख रुपये, जो कि केबिन में रखे थे, बैग में डलवाए फिर स्ट्रांग रूम खुलवाकर करीब 5 लाख रुपये वहां से लूटे, उन्होंने सिक्के वहीं छोड़ दिए। इसके बाद लुटेरों ने मैनेजर अतुल व उनके पास बैठे एक उपभोक्ता सहित सात कर्मचारियों को स्ट्रांग रूम में बंधक बना गेट को ताला लगा दिया।

बोले- 10 मिनट बाद वापस आकर खोल देंगे ताला
लुटेरों ने बंधक बनाए गए मैनेजर, उपभोक्ता और कर्मचारियों से कहा कि हम 10 मिनट में वापस आकर ताला खोल देंगे, किसी को फोन मत करना। लुटेरों ने कर्मचारियों के मोबाइल पहले ही एक तरफ रखवा दिए थे। इसके बाद तीनों लुटेरे बैंक के मुख्य दरवाजे का शीशा तोड़कर बाहर निकले, क्योंकि लुटेरों ने पहले ही मुख्य गेट पर लॉक लगा दिया था, जोकि लौटते हुए उनसे नहीं खुला। 

जैसे ही वे बैंक से बाहर निकले तो वहां से पुलिस की एक पीसीआर गुजर रही थी। उसे देखकर बदमाश अचानक हड़बड़ा गए और उन्होंने दो फायर दाग दिए। जिसमें से एक गोली साथ खड़े वाहन पर लगी। यह देखकर पीसीआर में तैनात पुलिसकर्मी भी चौकन्ने हो गए।  उन्होंने लुटेरों के पीछे पीसीआर दौड़ा दी लेकिन बदमाश तेजी से पल्सर पर शहर की ओर फुर्र हो गए। पुलिस ने गांव रमाना-रमानी तक उनका पीछा किया लेकिन वे हाथ नहीं आए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें