रेव पार्टी में इस्तेमाल होने के लिए आए कोबरा के जहर को सप्लाई करने वाले तस्कर को पकड़ने के लिए सिटी पुलिस दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सीसीटीवी फुटेज देखने पहुंच चुकी है।
पुलिस ने एयरपोर्ट अथॉरिटी से जिस जगह बस खड़ी होती हैं उस जगह की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मांगी है। इसके अलावा पुलिस ने कश्मीरी गेट पर लगे कैमरों की सुबह साढ़े छह से साढ़े सात बजे तक की फुटेज मांगी है।
फुटेज से पता चल सकेगा कि पीले रंग के बाक्स लेकर कौन पंजाब रोडवेज की बस में चढ़ा है। पुलिस को शक है कि तस्करी में नाइजीरियन शामिल है। पुलिस विदेश से आने वाली सभी नाइजीरियन की फोटो और उनके पास मौजूद सामान की सीसीटीवी फुटेज से जांच कर रही है।
छतबीड़ में छोड़े सांप
रेव पार्टी के लिए मंगाए गए दोनों सांप को वाइल्ड लाइफ की टीम को सौंप दिया, जो उन्हें छतबीड़ जू में छोड़ेगी। वीरवार को पुलिस टीम ने दोनों सांपों को छतबीड़ जू में छोड़ने के लिए अदालत से अनुमति मांगी। अदालत ने पुलिस को आदेश दिए कि सांप वाइल्ड लाइफ की टीम को दिए जाएं और टीम उन्हें छतबीड़ जू में छोड़कर रिपोर्ट पेश करे।
देहरादून लैब में भेजा जाएगा जहर
पुलिस और पीएफए टीम द्वारा बरामद 600 मिलीग्राम कोबरा के जहर की जांच देहरादून स्थित लैबरोटरी में होगी। जहर की जांच के लिए पुलिस ने अदालत से अनुमति ले ली है। जहर का सैंपल जल्द ही लैब भेजा जाएगा।
कंडक्टर को दिखाई जाएगी फोटो
स्कर की फोटो मिलने के बाद पहचान के लिए पंजाब रोडवेज के कंडक्टर गुरविंदर सिंह को दिखाया जाएगा। इसके लिए पहले पकड़े गए तस्करों की फोटो भी पहचान के लिए कंडक्टर और बस चालक को दिखाई जा रही है। गुरविंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि शायद तस्कर करनाल बस स्टैंड पर उतर गया था।
यह था मामला
रेव पार्टी के लिए पंजाब रोडवेज की बस में दिल्ली से लाए जा रहे दो सांप और 600 एमएल कोबरा के जहर को पुलिस ने पीएफए (पीपल फॉर एनिमल) की टीम के साथ बुधवार को बरामद किया था। 600 एमएल कोबरा जहर की कीमत करोड़ों रुपये में आंकी गई थी। जहर का इस्तेमाल हिमाचल में होने वाली रेव पार्टी के लिए मंगाया गया था।