छेड़छाड़ से परेशान हरियाणा के बवानीखेड़ा के एक महाविद्यालय की बीए प्रथम वर्ष की छात्रा ने गुरुवार सुबह जहरीला पदार्थ निगल लिया। उपचार के दौरान गुरुवार शाम उसकी हिसार के निजी अस्पताल में मौत हो गई। मृतका के भाई ने गांव के ही दो युवकों पर तंग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस में दी शिकायत में बवानीखेड़ा के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि उसकी बहन बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। कॉलेज आते-जाते कई बार दोनों आरोपी युवक बहन को परेशान करते थे। इस बारे में उसकी बहन ने घर में भी बताया और दोनों युवकों के परिजनों को भी इसके बारे में अवगत कराया।
इस पर उन्होंने माफी मांग ली लेकिन फिर भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। उनसे परेशान होकर बहन ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उसे भिवानी के निजी अस्पताल ले गए। हालत ज्यादा गंभीर होने के चलते बहन को हिसार के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसने गुरुवार शाम को दम तोड़ दिया।
मृतका के भाई के साथ हुई मारपीट, नहीं हुई कोई कार्रवाई
परिजनों ने बताया कि छेड़खानी के चलते मृतका के भाई के साथ 21 फरवरी की शाम के समय पांच नकाबपोश युवकों ने मारपीट भी की थी और बाइक को तोड़ दिया था। इसकी शिकायत थाना बवानीखेड़ा में दी गई थी। शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
युवती ने जहरीला पदार्थ निगला है, जिससे उसकी मौत हुई। परिजनों ने दो सगे भाइयों पर तंग करने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। मृतका के भाई के बयान पर दोनों के खिलाफ 306, 506, 34 आईपीसी एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। मृतका के भाई ने मारपीट की शिकायत दी थी जिस पर कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई थी। - रवींद्र कुमार, एसएचओ बवानीखेड़ा थाना।