लुधियाना में सतलुज नदी के किनारे गांव हादीवाल में खनन माफिया गिरोह ने गश्त कर रही वन विभाग की टीम पर तेजधार हथियार से हमला किया। हालांकि टीम ने दो आरोपियों को काबू कर लिया और थाना कूमकलां की पुलिस को सूचना दी। गांव सलेमपुर निवासी नगीन कुमार की शिकायत पर थाना कूमकलां की पुलिस ने गांव मंड चौंता निवासी बिंदर सिंह, लखवीर सिंह, महिंदर सिंह, डोडी, गांव बलिएवाल निवासी जसपाल सिंह, गांव भमा खुर्द निवासी सुखदेव सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने समेत कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बिंदर सिंह और लखवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपी फरार है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। शिकायतकर्ता के अनुसार वह वन विभाग लुधियाना में गांव हादीवाल बीट का वन गार्ड इंचार्ज है। छह जनवरी की देर रात वह इलाके में टीम के साथ गश्त कर रहा था। इसी दौरान आरोपी वहां अवैध खनन कर रहे थे।
उन्होंने इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी और खुद मौके पर जा ही रहे थे कि आरोपियों ने एक दम से टीम को देखकर गाड़ी भगा ली और उन पर तेजधार हथियार से कातिलाना हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने धमकी दी और फरार हो गए। हालांकि टीम के दूसरे सदस्यों ने बिंदर और लखबीर को काबू कर लिया। इतने में थाना कूमकलां की पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। घायल इस समय सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है।
अबोहर में डीएसपी पर हमला, मामला दर्ज
उधर, अबोहर में शनिवार देर रात्रि पुलिस नाके पर असमाजिक तत्वों ने अबोहर के डीएसपी सुखविंद्र सिंह बराड़ पर हमला कर दिया। जिसमें उनके हाथ की एक अंगुली में फ्रैक्चर आया है। घटना के बाद घायल डीएसपी को सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जबकि पुलिस ने हमलावर युवक को काबू कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं डीएसपी की एक्सरे रिपोर्ट आने के बाद दर्ज की गई धाराओं में बढ़ोत्तरी की जा सकती है।
नेहरू पार्क के सामने बने पुलिस नाके पर एक बाइक सवार को पुलिस टीम ने रोककर तलाशी लेने का प्रयास किया तो उसने दस्तावेज दिखाने से मना कर दिया। मौके पर मौजूद डीएसपी ने जब उक्त युवक से बातचीत करने का प्रयास किया तो उसने डीएसपी व पुलिस टीम के साथ हाथापाई शुरू कर दी। हाथापाई में डीएसपी के एक हाथ की अंगुली में फ्रैक्चर आया है। आरोपी की पहचान जतिन गक्खड़ के रूप में हुई है।