शव लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे परिजन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत के गांव कथूरा में एक किसान की हत्या करके उसका शव नग्न अवस्था में सड़क पर फेंक दिया। शव को जंगली जानवरों ने बुरी तरह से नोच लिया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने खेतों में क्षत-विक्षत हालत में शव पड़ा देखा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची बरोदा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा। इसके साथ ही पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
गांव कथूरा निवासी सोमबीर ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई संदीप उर्फ चीचा (32) खेतीबाड़ी करता था। सोमवार शाम को वह घर से किसी काम के लिए गया था। वह गांव के बस स्टैंड पर केहर सिंह के कमरे में गया। वहां पर संदीप, गांव के ही सोनू और समुंद्र ने शराब पी। इसके बाद मंगलवार सुबह संदीप का शव कथूरा-सांघी रोड पर नग्न हालत में मिला। शव पर चोट के निशान थे।
शव को जंगली जानवरों ने बुरी तरह से नोच रखा था। उसके सीने व गर्दन के पास वाले हिस्से को बुरी तरह क्षत-विक्षत किया हुआ था। इसकी जानकारी मिलने पर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बरोदा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में रेफर किया गया। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंपा। संदीप शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी हैं।
गांव कथूरा में शव मिलने की सूचना मिली थी। किसान सोमवार को ही घर से निकला था। उसने दो ग्रामीणों के साथ शराब भी पी थी। प्राथमिक जांच के अनुसार शराब पीने के बाद संदीप व दोनों युवक अपने-अपने घर की ओर चले गए थे। बाद में मंगलवार सुबह संदीप का शव नग्न अवस्था में मिला। फिलहाल पुलिस ने उसके भाई के बयान पर अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। - रविंद्र कुमार, बरोदा थाना प्रभारी।