फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा निकाय चुनाव: कांग्रेस ने टाला चिंतन, भाजपा-जजपा करेंगी मंथन, आप को मिला झाड़ू चुनाव निशान

Tue, 24 May 2022 09:55 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

भाजपा ने 27 व 28 मई को हिसार में दो दिवसीय बैठक बुलाई है। प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में सीएम मनोहर लाल, प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री, सभी सांसद, विधायक व प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
विज्ञापन
मनोहर लाल और दुष्यंत चौटाला - फोटो : पीटीआई (फाइल फोटो)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा कांग्रेस ने निकाय चुनाव की घोषणा के बाद 31 मई और एक जून को प्रस्तावित चिंतन शिविर टाल दिया है। पार्टी चिह्न पर चुनाव लड़ने का फैसला 26 मई को दिल्ली में होगा। नगर परिषद चुनाव कांग्रेस हाथ के निशान पर लड़ सकती है। भाजपा निकाय, राज्यसभा और पंचायत चुनावों पर 27-28 मई को हिसार और जजपा 25 मई को पंचकूला में मंथन करेगी।

विज्ञापन


भाजपा-जजपा मिलकर निकाय चुनाव लड़ेंगी। समन्वय समिति की बैठक कब होगी, इस पर 28 मई को या उसके बाद फैसला होगा। सीट बंटवारे के आधार पर दोनों दल नगर परिषद और नगरपालिकाओं में अपने प्रत्याशी उतार सकती हैं। गठबंधन, इनेलो और आप ने निकाय चुनाव अपने-अपने चिह्न पर लड़ने का एलान कर दिया है, अब निगाहें कांग्रेस के फैसले पर हैं।

दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष उदयभान, सभी विधायक, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, पूर्व स्पीकर, वरिष्ठ नेता व पूर्व सीएलपी नेता शामिल रहेंगे। इसमें प्रदेश से कांग्रेस कार्य समिति में शामिल सदस्यों, विशेष आमंत्रित सदस्यों को भी बुलाया गया है। कुलदीप बिश्नोई इसमें शामिल होते हैं या नहीं, यह देखने वाला होगा। 

विज्ञापन

कांग्रेस के अनेक विधायक चाहते हैं कि पार्टी कम से कम नगर परिषद चुनाव को हाथ के निशान पर लड़े। इसके लिए उन्होंने नेता प्रतिपक्ष व प्रदेशाध्यक्ष से भी बात की है। इस बार चुनाव और भी रोचक होने वाले हैं, चूंकि आम आदमी पार्टी भी मैदान में होगी। कांग्रेस आलाकमान सभी से रायशुमारी कर यह निर्णय लेगा कि नगरपालिका, नगर परिषद अध्यक्ष के चुनाव ही चिह्न पर लड़े जाएं या फिर पार्षद का चुनाव भी हाथ के निशान पर ही लड़ें। 

कांग्रेस ने दिसंबर 2020 में पंचकूला, अंबाला सिटी व सोनीपत में ही पार्टी चिह्न पर चुनाव लड़ा था। रेवाड़ी नगर परिषद में केवल चेयरमैन पद का चुनाव चिह्न पर लड़ा गया, बाकी जगह समर्थित उम्मीदवार उतारे थे। अब पार्टी 2024 के चुनाव से पहले शहरों में पार्टी की स्थिति और जनता का मूड भांपने के लिए चुनाव चिह्न के साथ मैदान में उतरने का फैसला ले सकती है। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा और प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने कहा कि एकजुट होकर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी।

भाजपा 27-28 को तय करेगी रणनीति
भाजपा ने 27 व 28 मई को हिसार में दो दिवसीय बैठक बुलाई है। प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में सीएम मनोहर लाल, प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री, सभी सांसद, विधायक व प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। सभी मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के संयोजक भी बुलाए गए हैं।
विज्ञापन

अजय चौटाला लेंगे जजपा की बैठक
निकाय चुनाव को लेकर जननायक जनता पार्टी बुधवार को पंचकूला में विचार-विमर्श करेगी। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय चौटाला करेंगे। प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. केसी बांगड़, राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला, पार्टी के मंत्रियों एवं विधायक सहित वरिष्ठ नेता बैठक में मौजूद रहेंगे। निकाय चुनाव को लेकर बनाए गए सभी प्रभारी, जिला प्रधान व चुनावी क्षेत्र के हलका प्रधान, निकाय प्रकोष्ठ के सभी जिला अध्यक्ष व हलका अध्यक्ष मौजूद रहेंगे।

निकाय चुनाव के लिए आप को मिला झाड़ू चुनाव चिह्न 
हरियाणा में निकाय चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी को झाड़ू चुनाव चिह्न मिल गया है। राज्य चुनाव आयोग ने मंगलवार को चिह्न आवंटित करने की अधिसूचना जारी की। आयोग के पास पार्टी ने चिह्न के लिए बीते दिनों आवेदन किया था। प्रदेश में अभी तक झाड़ू फ्री चुनाव चिह्न था, जिसे किसे भी आवंटित किया जा सकता था। चूंकि, हरियाणा में आप अभी तक राज्य पार्टी के तौर पर पंजीकृत नहीं है।

पंजाब और दिल्ली में उसे वोट प्रतिशत के आधार पर प्रदेश पार्टी के रूप में पंजीकृत किया जा चुका है। पार्टी ने दलील दी थी कि झाड़ू उसका चिह्न है, इसलिए उसे किसी और को आवंटित न करें। इसे देखते हुए आयोग ने पार्टी के लिए यह चिह्न हरियाणा में निकाय चुनाव के लिए आरक्षित कर दिया। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि निकाय चुनाव सिंबल पर लड़ेंगे। पार्टी चुनाव के लिए तैयार है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें