उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश की गलत व्याख्या करने और शेयर के हिसाब से पंजीकरण रोकने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन पर भी सवाल उठाया। प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, ब्लाक अध्यक्षों, कांग्रेस के विभिन्न अग्रिम संगठनों के प्रमुखों सहित विभिन्न कांग्रेस नेताओं ने महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा को घेरा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गैस, दूध, पेट्रोल, डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है और आम आदमी को बहुत परेशानी हो रही है और उसका जीना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा को जल्द ही इस देश की सत्ता से हटाएगी।
हरियाणा कांग्रेस भी उतरी सड़कों पर, पुलिस ने हिरासत में लिया
हिंडनबर्ग रिपोर्ट की जांच की जेपीसी (ज्वाइंट पार्लियामेंट्री कमेटी) से कराने की मांग को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने सोमवार को चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया। ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान के लिए हरियाणा के संयोजक बनाए गए सुभाष चोपड़ा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान और राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजभवन की तरफ मार्च किया। हालांकि, चंडीगढ़ सेक्टर-9 स्थित पार्टी मुख्यालय से 500 मीटर की दूरी पर ही पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उनको रोक लिया। काफी हंगामे और धक्का-मुक्की के बीच पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया।
चंडीगढ़ पुलिस थाने में भी कांग्रेसियों ने हरियाणा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बेरोजगारी, महंगाई, पुरानी पेंशन स्कीम, बुढ़ापा पेंशन, 100-100 गज के मुफ्त प्लॉट समेत भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और घोटालों को लेकर हंगामा किया। इसी दौरान पार्टी नेताओं ने राज्यपाल प्रतिनिधि को हिंडनबर्ग रिपोर्ट की जेपीसी जांच की मांग के लिए ज्ञापन भेजा।