क्या कहते हैं एसएसपी विजिलेंस
एसएसपी विजिलेंस रविंदरपाल सिंह संधू ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति के एक मामले की जांच चल रही है। जिसमें पूर्व विधायक कुलदीप सिंह वैद का नाम भी है। सोमवार सुबह विजिलेंस की टीम जांच करने गई थी। घर और रेस्तरां की पैमाइश की गई है। रेड की जो शुरुआत हुई है, उनके घर से की गई है। बाकी विजिलेंस जांच चल रही है।
आईएएस की नौकरी छोड़ बने थे विधायक
पूर्व कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह वैद पीसीएस अधिकारी थे और बाद में प्रमोट होकर वह आईएएस बने। लुधियाना में कई पदों पर तैनात रहने के बाद वह मोगा में डीसी के पद पर भी तैनात रहे। इस दौरान उनकी कांग्रेस के साथ नजदीकियां बढ़ गईं और 2017 में उन्होंने नौकरी से त्यागपत्र दे दिया। उसके बाद वह हलका गिल से कांग्रेस के उम्मीदवार बने। वह भारी मतों से जीतकर विधानसभा भी पहुंचे। कैप्टन अमरिंदर सिंह के भी नजदीकी हैं। वहीं जब चरणजीत सिंह चन्नी सीएम बने तो कुलदीप वैद उनके नजदीकी साथियों में सबसे आगे थे। चन्नी सरकार में ही उन्हें वेयर हाउस की चेयरमैनी मिली थी।
विजिलेंस ने संपत्ति का मांगा हिसाब-किताबः लाडी गहरी
विजिलेंस के समक्ष सोमवार को कांग्रेस की पूर्व विधायक सतकार कौर गहरी और उनके पति लाडी गहरी पेश हुए। विजिलेंस ने इन्हें नोटिस भेजा था। जानकारों का कहना है कि विजिलेंस ने संपत्ति से संबंधित पूछताछ की है। सूत्रों के मुताबिक विजिलेंस ने चुनाव लड़ने से पूर्व और चुनाव जीतने के बाद की संपत्ति संबंधी पूछताछ की। सतकार कौर ने अपनी संपत्ति संबंधी विजिलेंस को जानकारी मुहैया करवाई है।
उधर, जब इस संबंध में विधायक सतकार कौर गहरी के पति लाडी गहरी से संपर्क किया तो उनका कहना है कि पंजाब सरकार पूर्व सरकार के कार्यकाल में रहे सभी 117 विधायकों को नोटिस भेज उनकी संपत्ति संबंधी पूछताछ कर रही है। उन्हें भी नोटिस आया था, विजिलेंस ने जो पूछा उसका जवाब दे दिया है। दोबारा फिर बुलाया जाएगा फिर पेश हो जाएंगे। ये तो सभी के साथ हो रहा है, अकेले उनके साथ नहीं।
पूर्व मंत्रियों पर हो चुकी कार्रवाई
इससे पहले पूर्व मंत्री साधु सिंह धर्मसोत, संगत सिंह गिलजियां, भारत भूषण आशु, श्याम सुंदर अरोड़ा पर भी शिकंजा कसा जा चुका है। अब विजिलेंस की रडार पर पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पहले ही विधानसभा में कह चुके है कि अब कांग्रेस की सरकार में सीएम रहे चन्नी की बारी है। इसके बाद चन्नी ने अमेरिका की यात्रा भी रद्द कर दी थी। अब उनके करीबियों पर एक्शन शुरू हो गया।
परिवार से हो रही पूछताछ
विजिलेंस अधिकारियों ने अभी तक की जांच में सिर्फ यही बताया है कि आय से अधिक संपत्ति के एक मामले की जांच चल रही थी, जिसके तहत विजिलेंस की टीम पूर्व विधायक कुलदीप सिंह वैद के घर जांच के लिए पहुंची है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक के सराभा नगर स्थित रिहायश और उसके साथ बनाए गए रेस्टोरेंट की जांच की जा रही है। विजिलेंस की टीम पूरी जायदाद की पैमाइश कर रही है और पूर्व विधायक के परिवार वालों से भी पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, विजिलेंस अधिकारियों ने पूर्व विधायक को भी घर में बैठा रखा है और उनसे भी पूछताछ की जा रही है।