नगर निगम चुनाव के लिए नियुक्त भाजपा के चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े और सह प्रभारी इंदु बाला गोस्वामी बुधवार को चंडीगढ़ पहुंचे और नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। बाद में प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि उम्मीदवारों की घोषणा नामांकन की प्रक्रिया से पांच या सात दिन पहले ही की जाएगी। सूद ने बताया कि पार्टी की रणनीति और निगम चुनाव की तैयारी पर चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी से करीब तीन घंटे तक बातचीत हुई। इस बीच उम्मीदवारों को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। उधर, सूत्रों के अनुसार भाजपा के अंदर उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया चल रही है।
यह भी पढ़ें-
सोनीपत: कुंडली बॉर्डर पर आंदोलन में शामिल पंजाब के एक और किसान की मौत
इच्छुक उम्मीदवारों की बैठकों की चर्चा
सेक्टर-33 स्थित पार्टी कार्यालय में बीते दिनों वार्डों के अनुसार इच्छुक उम्मीदवारों की बैठकें हुई हैं। हालांकि पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि केंद्र की तरफ से एक सर्वे कराया जाएगा, उसके आधार पर वार्डों में उम्मीदवारों का चयन होगा। पार्टी में इसके लिए लोगों को फोन आने भी शुरू हो गए हैं। उधर, आरक्षित वार्डों की घोषणा के साथ टिकटों की दौड़ शुरू हो गई है। नेताओं की कार्यक्रमों व सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें-
रोहतक: आधी रात को चार युवक बजा रहे थे गाने, रोकने पर ग्राम सचिव पर की फायरिंग
किसी को देख नहीं खड़े करेंगे उम्मीदवार
अरुण सूद ने कहा कि भाजपा कभी किसी पार्टी के उम्मीदवार को देखकर अपने उम्मीदवार नहीं खड़े करती। पार्टी की अपनी एक योजना है, उसके तहत उम्मीदवारों का चयन किया जाता है। भाजपा में उम्मीदवार नहीं, पार्टी चुनाव लड़ती है। भाजपा ऐसे उम्मीदवारों को ही टिकट देगी, जो लोगों के काम करता हो। पार्टी के प्रति प्रतिबद्ध, चरित्रवान और बेदाग उम्मीदवारों को ही टिकट मिलेगा। नामांकन की प्रक्रिया से पांच या सात दिन पहले उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।
शिअद-बसपा का होगा गठबंधन, टिकट के आवेदन शुरू
बसपा और शिअद के बीच चंडीगढ़ में भी गठबंधन होने जा रहा है। इसकी घोषणा जल्द होगी। बसपा के प्रदेश प्रधान जीएस कंबोज का कहना है कि पार्टी के चंडीगढ़ प्रभारी 23 के बाद आएंगे। उसके बाद गठबंधन की औपचारिक घोषणा होगी। सूत्रों के अनुसार शिअद और बसपा दोनों ही पार्टियां 16-16 वार्डों में निगम चुनाव लड़ेंगी, जबकि तीन वार्ड समान विचार वाली पार्टियों के लिए रखे जाएंगे। दोनों ही पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने टिकट के लिए आवेदन शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें-
रोहतक में वारदात: भतीजे के कुआं पूजन में गए वकील पर युवक ने की फायरिंग
बसपा में चार लोगों ने किया आवेदन
शिअद चंडीगढ़ के प्रधान हरदीप सिंह ने बताया कि 10 आवेदन आ चुके हैं। इनमें एक आरक्षित, जबकि नौ आवेदन सामान्य सीटों के लिए हैं। बसपा से गठबंधन पर हरदीप सिंह ने कहा कि बात चल रही है। 23 के बाद गठबंधन की औपचारिक घोषणा की जाएगी। टिकट बंटवारे पर कहा कि उनकी अध्यक्षता में एक कमेटी गठित होगी, जो आवेदनों की स्क्रूटनी करेगी। उम्मीदवारों का चयन कर पार्टी के प्रभारी को अंतिम मुहर के लिए भेजा जाएगा। उधर, बसपा में अब तक चार लोगों ने टिकट के लिए आवेदन किया है। इनमें से दो आवेदन आरक्षित वार्ड के लिए हैं। कंबोज ने बताया कि आवेदनकर्ता को तीन वार्डों का विकल्प देना होगा।