पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या में दोषी परमजीत सिंह भ्योरा की 95 वर्षीय मां प्रीतम कौर का निधन हो गया। वह मोहाली के सेक्टर-71 स्थित अपनी बेटी के पास रह रही थीं। परमजीत कौर काफी समय से बीमार चल रही थीं। शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार मोहाली स्थित श्मशानघाट पर किया गया।
पिछले कई साल से जेल में बंद परमजीत सिंह भ्योरा को शुक्रवार को मोहाली स्थित श्मशानघाट तक कड़े सुरक्षा घेरे में लाया गया, जहां पर भ्योरा ने अपनी मां के अंतिम दर्शन कर उनका दाह संस्कार किया। चंडीगढ़ पुलिस भ्योरा को मोहाली लेकर आई और मोहाली पुलिस ने श्मशानघाट के आसपास कड़े सुरक्षा प्रबंध किए थे।
यहां पर भ्योरा अंतिम संस्कार में पहुंची संगत, अपनी बहन और अन्य परिवार वालों से भी मिला। भ्योरा की बहन हरमिंदर कौर ने बताया कि मां प्रीतम कौर का पीजीआई में इलाज चल रहा था। वीरवार को उनका निधन हो गया। अंतिम संस्कार के बाद भ्योरा को चंडीगढ़ पुलिस की निगरानी में बुड़ैल जेल ले जाया गया।
भ्योरा की बहन सुरिंदर कौर ने बताया कि चंडीगढ़ प्रशासन को भ्योरा को अपनी मां से मिलने के लिए पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से आदेश दिए गए थे और पीजीआई की रिपोर्ट में बताया गया था कि भ्योरा की मां चलने-फिरने में असमर्थ हैं, इसके बावजूद प्रशासन ने नहीं मिलने दिया।