टैगोर थिएटर में प्रस्तुति देतीं रिंकू कालिया।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। टैगोर थिएटर में प्रसिद्ध पंजाबी कवि और गीतकार शिव कुमार बटालवी को शनिवार शाम संगीत के माध्यम से श्रद्धांजलि दी गई। ‘बिरह दा सुल्तान’ नाम से आयोजित कार्यक्रम में मशहूर गायिका रिंकू कालिया ने बटालवी के दर्द भरे गीत सुनाए। उन्होंने अज्ज दिन चढ़या तेरे रंग वरगा... नगमा गाकर माहौल को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा पंजाबी साहित्य अकादमी पंचकूला ने सांस्कृतिक मामलों के विभाग चंडीगढ़ प्रशासन एवं पंजाबी लेख सभा चंडीगढ़ तथा एस-4 ट्रस्ट के सहयोग से हुआ।
इस अवसर पर हरियाणा के बिजली विभाग के मंत्री रणजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। हरियाणा पंजाबी साहित्य अकादमी पंचकूला के डिप्टी चेयरमैन गुरविंदर सिंह धमीजा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। भूपिंदर मलिक ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान रिंकू कालिया ने विख्यात कवि के चुनिंदा गीतों को अपनी मधुर आवाज में प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने कार्यक्रम का आगाज रात गई कर तारा तारा... गीत से की। इसके बाद पीड़ां दा परागा, आज फिर दिल और मैंनू तेरा शबाब.. जैसे तराने गाकर समा बांध दिया। इस दर्द भरे आलम में प्यार का हल्का मीठा एहसास घोलते हुए रिंकू ने शिखरा यार गाकर माहौल को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने शिखर दुपहरे और मैंनू हीरे हीरे गीत के साथ कार्यक्रम समाप्त किया।