पीएम आवास योजना के लाभार्थियों के लिए केंद्र सरकार क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी स्कीम के जरिए ब्याज में छूट दे रही है। साथ ही इस योजना की अवधि को भी एक साल के लिए बढ़ाया जाएगा। माना जा रहा है, सरकार इस संबंध में फरवरी में पेश होने वाले आम बजट में एलान कर सकती है। बता दें कि अभी इस योजना की अवधि 31 मार्च, 2021 तक है। अभी इस योजना का फायदा उठाने वाले लोगों को लाखों रुपये की ब्याज के तौर पर बचत होगी।
जानिए कैसे मिलेगी सब्सिडी
6.5 फीसदी की क्रेडिट-लिंक्ड सब्सिडी केवल 6 लाख रुपये तक के लोन के लिए उपलब्ध है। जिनकी सालाना इनकम 12 लाख रुपये है, उन्हें 9 लाख रुपये के होम लोन पर 4 फीसदी ब्याज सब्सिडी मिलती है। 18 लाख रुपये सालाना की इनकम वाले लोगों को 12 लाख रुपये के कर्ज पर 3 फीसदी सब्सिडी मिलती है। इन सभी में लोन की अवधि 20 साल है। सब्सिडी वाले कर्ज की रकम के अतिरिक्त लोन पर मौजूदा दर से ब्याज का भुगतान करना पड़ता है।