पुलिस मामले की जांच में जुट गई है
- फोटो : अमर उजाला
सहरसा से धान अधिप्राप्ति में गबन का मामला सामने आया है। जिले के सत्तर कट्टैया प्रखंड क्षेत्र के बरहशेर पैक्स अध्यक्ष और प्रबंधक पर लगभग 47 लाख रुपये गबन करने का आरोप लगा है। इसको लेकर सहकारिता प्रसार पदाधिकारी सत्तर कट्टैया नीरज कुमार कंठ ने बिहरा थानाध्यक्ष को एफआईआर दर्ज करने के लिए पत्र भेजा है।
पत्र में उन्होंने कहा कि सत्तर कट्टैया प्रखंड के बरहशेर पैक्स द्वारा धान अधिप्राप्ति वर्ष 2023-24 में 94 किसानों से कुल 592.660 एमटी धान की अधिप्राप्ति की गई है। पैक्स को उक्त अधिप्राप्ति मात्रा के समतुल्य कुल 403.008 एमटी सीएमआर की आपूर्ति राज्य खाद्य निगम सहरसा को करनी थी। लेकिन पैक्स द्वारा कुल 261 एमटी सीएमआर की आपूर्ति ही राज्य खाद्य निगम सहरसा को की गई है। इस प्रकार पैक्स द्वारा 142.008 एमटी सीएमआर की आपूर्ति राज्य खाद्य निगम सहरसा को नहीं की गई।
गौरतलब है कि बरहशेर पैक्स द्वारा इकरार नामित राइस मिल मीना राइस मिल गोरहो को कुल 380.025 एमटी धान की आपूर्ति की गई। इस प्रकार पैक्स में कुल 212.635 एमटी धान की मात्रा भंडारित रहनी चाहिए थी। लेकिन भौतिक सत्यापन के दौरान पैक्स के गोदाम में धान की मात्रा शून्य पाई गई। इस प्रकार पैक्स अध्यक्ष और प्रबंधक द्वारा कुल 212.635 एमटी सरकारी धान को खुले बाजार में बेचकर न्यूनतम समर्थन मूल्य की राशि 46 लाख 94 हजार 980 रुपये और 80 पैसे का गबन कर लिया गया है। इसलिए बरहशेर पैक्स अध्यक्ष लक्ष्मेश्वर पांडेय पिता दिवंगत सत्यनारायण पांडेय, ग्राम मझौल, थाना बिहरा और पैक्स प्रबंधक श्यामानंद चौधरी, पिता दिवंगत विश्वनाथ चौधरी, ग्राम पो- बरहशेर, थाना बिहरा के खिलाफ सरकारी राशि गबन करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की जाए। वहीं, पुलिस प्राप्त आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।