अगर आपके पास पुरानी बाइक है और आप उसकी सर्विस करवाने के लिए किसी मैकेनिक के पास लेकर जाते हैं तो आपको एक बात का खास ध्यान रखना है। सर्विस करवाने के दौरान कई बार मैकेनिक कार्बोरेटर को खोलकर साफ करवाने की सलाह देता है। अगर बाइक सही तरीके से चल रही है तो आपको गलती से भी कार्बोरेटर को खुलवाकर साफ नहीं करवाना है। ऐसा करने से बाइक पर बुरा प्रभाव पड़ता है।
दरअसल, बाइक कार्बोरेटर काफी संवेदनशील पार्ट होता है, इस पार्ट को खोलकर इसे दोबारा सही से सेट करना हर मैकेनिक नहीं जानता है। बाइक कार्बोरेटर को कंपनी सील करके बाजार में लाती है, मगर जब मैकेनिक इसे खोलकर साफ करते हैं तो इसकी सील कमजोर हो जाती है और फिर इस वजह से इंजन में फ्यूल और एयर लीकेज की परेशानी बढ़ जाती है। ऐसे में अच्छी-खासी बाइक की माइलेज बेवजह कम होने लगती है। इसके साथ ही अगर मैकेनिक ने कार्बोरेटर का फ्यूल मिक्सर सही तरीके से सेट नहीं किया तो इससे बाइक कभी भी चलते-चलते रुक सकती है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बाइक कार्बोरेटर को तभी खुलवाना चाहिए, जब बाइक का इंजन सही से स्टार्ट नहीं हो रहा हो। कई बार कार्बोरेटर में गंदगी जमा हो जाती है, जिस वजह से बाइक शुरू होने में दिक्कत होती है। केवल इस स्थिति में ही कार्बोरेटर को खुलवाना चाहिए और उसकी अन्य दिक्कतों को चेक करना चाहिए।