फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: प्रकाश मान सिंह राउत नेपाल के CJ नियुक्त; अमेरिका में हेलेन से मरने वालों की संख्या हुई 227

Sun, 06 Oct 2024 07:30 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलंबो
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
श्रीलंका में सभी प्रमुख राजनीतिक दल नवंबर में होने वाले संसदीय चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। राजनीतिक पार्टियां उम्मीदवारों की सूची बनाने में जुटी हैं और नए गठबंधन बनाने का प्रयास कर रही हैं। श्रीलंका में 14 नवंबर को संसदीय चुनाव होने हैं। पिछले शुक्रवार को नामांकन शुरू होने के बावजूद किसी भी प्रमुख पार्टी ने अभी तक चुनाव लड़ने के लिए अपना नामांकन दाखिल नहीं किया है। चुनाव के लिए नामांकन 11 अक्टूबर को बंद हो जाएगा।
विज्ञापन


21 सितंबर को हुए राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने वाली सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पावर (एनपीपी) पार्टी ने कहा कि वह अपने उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है। पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे की यूनाइटेड नेशनल पार्टी (यूएनपी), जो देश की सबसे पुरानी पार्टी है, ने चुनाव का सामना करने के लिए समागी जन बालावेगया (एसजेबी) पार्टी के साथ विलय करने का असफल प्रयास किया था। तमिल राजनीतिक समूहों ने भी कहा कि वे भी गठबंधन बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

मार्क्सवादी जनता विमुक्ति पेरामुना पार्टी के मोर्चे, नेशनल पीपुल्स पावर (एनपीपी) के नेता दिसानायके ने 23 सितंबर को श्रीलंका के नौवें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। 24 सितंबर को, उन्होंने 225 सदस्यीय संसद को भंग कर दिया, जिसमें एनपीपी के पास सिर्फ़ तीन सीटें थीं। श्रीलंका में पिछला आम चुनाव अगस्त 2020 में हुआ था, जहां सांसदों को पांच साल के कार्यकाल के लिए चुना जाता है। 
विज्ञापन

दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में यूक्रेन युद्ध को लेकर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि, 'पिछले कुछ महीनों में, प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से तीन बार मुलाकात की। वे एक बार रूसी राष्ट्रपति पुतिन से भी मिले। वे उनसे अक्सर बात करते रहे हैं और एनएसए और मैं भी, हम संपर्क में रहे हैं। हम ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि हम उन कुछ देशों में से एक हैं और प्रधानमंत्री मोदी उन कुछ नेताओं में से एक हैं जो आज कीव और मॉस्को जाकर दोनों नेताओं से बात करने में सक्षम हैं। हम यह देखने की क्षमता रखते हैं कि उनके बीच क्या समान बिंदु हैं, क्या ऐसा कुछ है जिसे हम शुरू कर सकते हैं क्या कोई ऐसा धागा बन सकता है जिसे विकसित करने की कोशिश कर सकते हैं।'

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर विदेश मंत्री ने कहा कि, 'ऐसा नहीं है कि हम इसमें शामिल नहीं हैं। विभिन्न समय पर हमने उन देशों के बीच संचार में कुछ भूमिका निभाई है। इस संघर्ष का दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले वैश्विक दक्षिण पर बड़ा असर पड़ रहा है। वे चाहते हैं कि कोई इसके बारे में कुछ करे। वे स्पष्ट रूप से हमारी बहुत सी पहलों का समर्थन करते हैं। यह संयुक्त राष्ट्र में दिखा भी था। यह महत्वपूर्ण है कि हम सभी प्रमुख खिलाड़ियों से जुड़े हुए हैं। हमें वैश्विक राजनीति के प्रति अधिक जिम्मेदारी की भावना वाले देश के रूप में देखा जाता है और यह भारत के अपने विकास का हिस्सा है।'
 

भारत दौरे के लिए माले से रवाना हुए राष्ट्रपति मुइज्जू

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू का भारत दौरा आज से शुरू होगा। मालदीव के राष्ट्रपति भारत आने के लिए माले से रवाना हो गए हैं और कुछ घंटों में भारत पहुंच जाएंगे। राष्ट्रपति मुइज्जू के साथ उनकी पत्नी और प्रथम महिला साजिदा मोहम्मद भी भारत दौरे पर आ रही हैं। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू 6-10 अक्तूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। 
 

भारतीय नौसेना के जहाज ओमान के मस्कट पहुंचे

भारतीय नौसेना के जहाज ट्रेनिंग उद्देश्य से ओमान की राजधानी मस्कट पहुंचे हैं। यह ट्रेनिंग कार्यक्रम दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य सहयोग का उदाहरण है। दोनों देशों की नौसेनाएं इस ट्रेनिंग के दौरान एक दूसरे की प्रैक्टिस के बारे में जानेंगी और एक दूसरे से सीखने का प्रयास करेंगी।
 

बोस्निया में बाढ़ और भूस्खलन से 13 लोगों की मौत, कई घायल

बोस्निया और हर्जेगोविना में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से 13 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए। हर्जेगोविना-नेरेटा कैंटन की सरकार के प्रवक्ता डार्को जुका ने बताया कि जब्लानिका क्षेत्र में एक पहाड़ी के ढहने, भूस्खलन और बाढ़ के कारण 13 लोगों की मौत हो गई। वहीं बोस्नियाई मीडिया ने बताया कि रात भर हुई भारी बारिश के कारण बचाव कार्य प्रभावित हुए थे, हालांकि ये फिर से शुरू हो गया है।

प्रकाश मान सिंह राउत नेपाल के नए मुख्य न्यायाधीश नियुक्त

नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने रविवार को प्रकाश मान सिंह राउत को देश का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया। अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रपति कार्यालय शीतल निवास में आयोजित एक विशेष समारोह में पौडेल ने मुख्य न्यायाधीश प्रकाश मान सिंह राउत को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण समारोह में उपराष्ट्रपति रामसहाय प्रसाद यादव, प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली, स्पीकर देवराज घिमिरे और नेशनल असेंबली के चेयरमैन नारायण प्रसाद दहल समेत कई उच्च पदस्थ अधिकारी मौजूद थे। संविधान परिषद ने 16 सितंबर को पद के लिए प्रकाश मान सिंह राउत के नाम की सिफारिश की थी। उनकी नियुक्ति निवर्तमान मुख्य न्यायाधीश बिशवंभर प्रसाद श्रेष्ठ के सेवानिवृत्त होने के बाद हुई है, जो शनिवार को अनिवार्य सेवानिवृत्ति आयु 65 साल हो गए हैं।

अमेरिका में हेलेन से मरने वालों की संख्या हुई 227

अमेरिका में हेलेन तूफान से मरने वालों की संख्या बढ़कर 227 हो गई। बता दें कि भयानक तूफान के कारण दक्षिण-पूर्व में मची तबाही से छह राज्यों में कई मौतें हुई हैं। जानकारी के मुताबिक, तूफान में मारे गए लोगों की संख्या शुक्रवार को 225 थी, इसके अगले दिन साउथ कैरोलाइना में दो और लोगों की मौत हुई। हालांकि, लापता लोगों की संख्या अभी भी स्पष्ट नहीं है। तूफान के कारण मची तबाही में मारे गए लोगों के शवों को निकालने का काम एक हफ्ते के बाद भी जारी है। हेलेन के कारण भीषण बारिश में कई मकान बह गए और कई सड़कों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा बिजली और मोबाइल फोन सेवाएं ठप हुई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों की संख्या में अभी और इजाफा हो सकता है।
विज्ञापन

जयशंकर के पाकिस्तान दौरे से दोनों देशों में तनाव कम करने में मिल सकती है मदद- कसूरी

पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी ने भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के इस्लामाबाद दौरे को सकारात्मक घटनाक्रम बताते हुए कहा कि इससे दोनों पड़ोसियों के बीच तनाव कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, भारतीय विदेश मंत्री ने साफ किया है कि वह शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर वार्ता के लिए पाकिस्तान जा रहे हैं, जहां इस्लामाबाद के साथ द्विपक्षीय वार्ता नहीं होगी। परवेज मशुर्रफ सरकार में वर्ष 2002 से 2007 तक पाकिस्तान के विदेश मंत्री रहे खुर्शीद महमूद कसूरी ने कहा, दोनों देशों को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए, संवाद शुरू होने से जनता से जनता के बीच संपर्क बहाल होने में मदद मिलेगी और सड़क, रेल और हवाई मार्ग बहाल होने के मार्ग प्रशस्त होंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें