वेल्स के प्रथम मंत्री वॉन गेथिंग
- फोटो : X / @vaughangething
वेल्स के प्रथम मंत्री वॉन गेथिंग ने अपना पद छोड़ने का फैसला किया है, दरअसल पद संभालने के बाद से ही वॉन गेथिंग को कई घोटालों के आरोपों का सामना करना पड़ा था। जिसमें एक रीसाइक्लिंग कंपनी से 200,000 पाउंड ($255,000) का डोनेशन लिए जाने के मामले ने काफी तूल पकड़ा था।
सरकार के चार सदस्यों के इस्तीफे के बाद एलान
वहीं इस एलान के दौरान वॉन गेथिंग ने कहा कि मैंने आज सुबह वेल्श लेबर पार्टी के नेता और प्रथम मंत्री के रूप में पद छोड़ने की प्रक्रिया शुरू करने का कठिन फैसला लिया है। बता दें कि वॉन गेथिंग की अर्धस्वायत्त सरकार के चार सदस्यों की तरफ से इस्तीफा देने की मांग के बाद से उन्होंने यह घोषणा की।
मार्च में बने थे यूके में सरकार के पहले अश्वेत नेता
वॉन गेथिंग के पिता वेल्श और मां जाम्बियन हैं, उन्होंने मार्च में कार्डिफ-आधारित प्रशासन का प्रमुख चुने जाने के बाद इतिहास रचा था और वह यूके में सरकार के पहले अश्वेत नेता बने थे। हालांकि उन्हें अपने नेतृत्व अभियान के दौरान एक रीसाइक्लिंग कंपनी से 200,000 पाउंड ($255,000) का डोनेशन स्वीकार करने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा, जिसके मालिक को पर्यावरण संबंधी अपराधों और स्वास्थ्य और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया था।
वेल्स की संसद में हार गए थे अविश्वास मत
वेल्श राष्ट्रवादी पार्टी प्लेड सिमरू की तरफ से अप्रैल में वॉन गेथिंग की अल्पसंख्यक लेबर सरकार के साथ सहयोग व्यवस्था समाप्त करने के बाद से उनका नेतृत्व ढह गया। अगले महीने वॉन गेथिंग वेल्स की संसद, सेनेड में एक गैर-बाध्यकारी अविश्वास मत हार गए।
इस्तीफे के बयान में क्या बोले वॉन गेथिंग?
अपना इस्तीफा देने के बयान में वॉन गेथिंग ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि गर्मियों में मेरे नेतृत्व में चिंतन, पुनर्निर्माण और नवीनीकरण का दौर आ सकता है। हालांकि मैं मानता हूं कि अब यह संभव नहीं है। बता दें कि लगभग 3 मिलियन आबादी वाला वेल्स, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और उत्तरी आयरलैंड के साथ यूनाइटेड किंगडम के चार हिस्सों में से एक है।