अमेरिका में समुद्री तूफान हेनरी शनिवार रात लॉग आइसलैंड, कनेक्टिकट, दक्षिणी-पूर्वी मैसाचुसेट्स को छू चुका है। यह तूफान अब पूर्वोत्तर की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने इसको लेकर चेतावनी जारी की है। वैज्ञानिकों के अनुसार तूफान के कारण रविवार को भूस्खलन की आशंका है। वहीं न्यू इंग्लैंड में भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति भी बन सकती है।
पश्चिम की ओर मुड़ रहा तूफान
वैज्ञानिकों का कहना है हेनरी तूफान पश्चिम की ओर मुड़ रहा है और अगर यह इसी दिशा में आगे बढ़ता है तो न्यू इंग्लैंड के बजाए पूर्वी लांग आइलैंड में हालात बिगड़ने शुरू हो जाएंगे। यहां 1991 में आए बॉब तूफान के बाद कोई तूफान नहीं टकराया है। बॉब तूफान में 17 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। वहीं न्यूयॉर्क से भी 2012 में सुपरस्टॉर्म सैंडी के बाद कोई तूफान सीधा नहीं टकराया है।
केप कॉड में छुट्टियां मना रहे लोग बने परेशानी
तूफान के कारण पूर्वोत्तर के एक बड़े हिस्से हार्टफोर्ड, कनेक्टिकट, अल्बानी में भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई थी। यह पूरा क्षेत्र न्यूयॉर्क और केप कॉड तक फैला हुआ है। केप में हजारों पर्यटक गर्मियों की छुट्टियां मना रहे हैं। इसलिए खतरा और भी ज्यादा बढ़ गया है। इसको देखते हुए मैसाचुसेट्स के गवर्नर चार्ली बेकर ने केप में छुट्टियां मनाने वाले आए लोगों ने जाने की अपील की है।
लॉग्स आइलैंड से 750 किमी दूर तूफान
राष्ट्रीय समुद्री तूफान केंद्र हेनरी की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उसके अनुसार शनिवार की सुबह 120 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवाएं चल रही थीं। इस कारण हेनरी उत्तर-पूर्व की तरफ 23 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। अभी भी यह न्यूयॉर्क के लॉग्स आइलैंड से लगभग 750 किलोमीटर की दूरी पर है।
एक सप्ताह तक झेलना पड़ सकता है बिजली संकट
कनेक्टिकट के गवर्नर नेड लैमोंट ने चेतावनी जारी की है। उनका कहना है कि रविवार से सोमवार सुबह तक सभी अलर्ट मोड पर रहें और कहीं भी आश्रय लेने के लिए तैयार रहें। मैसाचुसेट्स, कनेक्टिकट व न्यूयॉर्क के लोगों को बाढ़ के कारण एक सप्ताह तक बिजली संकट का भी सामना करना पड़ सकता है। अधिकारियों ने लोगों को नाव व डिब्बाबंद सामान तैयार रखने की अपील की है।