मरियम नवाज पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पहली महिला मुख्यमंत्री बनेंगी। पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज (पीएमएल-एन) की नेता मरियम, देश के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी हैं। बता दें कि पीएमएल-एन देश में भी गठबंधन सरकार के गठन की तैयारियों में लगी है।
पाकिस्तान की राजनीति में बड़ा बदलाव आने के संकेत मिल रहे हैं। पहली बार पंजाब प्रांत में मुख्यमंत्री पद महिला को मिलेगा। पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी और पीएमएल-एन नेता मरियम नवाज पंजाब प्रांत में मुख्यमंत्री बनेंगी। बता दें कि बीते आठ फरवरी को पाकिस्तान में संसदीय और प्रांतीय चुनाव के लिए मतदान कराए गए थे। केंद्र में भी पीएमएल-एन गठबंधन सरकार बना रही है। पंजाब प्रांत में मरियम नवाज को सीएम पद की शपथ दिलाई जाएगी। इसी के साथ मरियम मुख्यमंत्री का पद संभालने वाली देश की पहली महिला नेता होने का गौरव भी हासिल करेंगी।
विज्ञापन
पंजाब प्रांत की विधानसभा में नवनिर्वाचित सदस्यों की शपथ
50 वर्षीय नेता मरियम पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) पार्टी की वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी हैं। मरियम के शपथ ग्रहण की चर्चा इसलिए भी अधिक हो रही है क्योंकि आठ फरवरी को चुनावी नतीजों की घोषणा के बाद देश के पांच प्रांतों में पंजाब पहली प्रांतीय विधानसभा है, जिसका उद्घाटन सत्र बुलाने की घोषणा हो चुकी है। शुक्रवार को विधानसभा सत्र की शुरुआत के बाद नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। इसी के साथ नई सरकार का गठन शुरू होगा।
नौकरशाहों के साथ बैठकें कर रही हैं मरियम
गवर्नर हाउस के प्रवक्ता ने गुरुवार को जारी बयान में कहा, पंजाब प्रांत के गवर्नर बालीघुर रहमान ने शुक्रवार को पंजाब विधानसभा का सत्र आहूत किया है। खबरों के मुताबिक मरियम को पहले ही मुख्यमंत्री को मिलने वाली सुरक्षा दी जा चुकी है। आमतौर पर मुख्यमंत्री को मिलने वाला प्रोटोकॉल मरियम को दे दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने प्रांत में अलग-अलग पदों पर सेवा दे रहे नौकरशाहों के साथ बैठकें भी शुरू कर दी हैं।
विज्ञापन
पंजाब प्रांत का राजनीतिक समीकरण
बता दें कि पीएमएल-एन ने नवाज के भाई शहबाज शरीफ को प्रधानमंत्री नामित किया है। पंजाब प्रांत में पीएमएल-एन को 137 सीटें मिली हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी से समर्थन पाने वाले निर्दलीय उम्मीदवारों ने 113 सीटें जीतीं।
आम चुनाव 2024 के परिणाम कैसे रहे?
बता दें कि पाकिस्तान में बीते आठ फरवरी को कराए गए चुनाव काफी दिलचस्प रहे। इमरान खान का समर्थन हासिल कर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी सबसे अधिक संख्या में जीते, लेकिन उनके प्रतिद्वंद्वियों ने गठबंधन कर सरकार बनाने का दावा किया। पूर्व पीएम नवाज शरीफ और पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के साथ आने के बाद पीएमएल-एन और पीपीपी-पी के साथ कुछ और नेताओं ने मिलकर सरकार बनाने की पहल की है। पाकिस्तान चुनाव आयोग की तरफ से घोषित अंतिम चुनाव परिणाम के मुताबिक इमरान खान की पार्टी पीटीआई समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार 101, नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन को 75 और बिलावल भुट्टो जरदारी की पार्टी को 54 सीटों पर जीत मिली।