प्रधानमंत्री इमरान खान की अगुवाई वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) और विपक्षी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) देश के 39 छावनी बोर्डों के लिए हुए चुनावों में दो बड़े दलों के रूप में उभरी हैं। पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) के मुताबिक, देश के छावनी बोर्डों के लिए रविवार को मतदान हुआ था। हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर नतीजे घोषित नहीं किए गए हैं।
मीडिया की खबरों में बताया गया है कि इन परिणामों में सत्तारूढ़ पीटीआई शीर्ष पर है जबकि पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पीएमएल-एन दूसरे पायदान पर है। ‘जियो न्यूज’ के मुताबिक शुरुआती अनौपचारिक नतीजों के अनुसार पीटीआई को 63 सीटें मिलीं, उसके बाद पीएमएल-एन ने 59 सीटें जीतीं हैं, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों को 52 सीटें मिलीं हैं। हालांकि ‘दुनिया न्यूज’ ने खबर दी है कि पीटीआई को 60 सीटें मिली हैं जबकि निर्दलीय ने 55 सीटों पर जीत हासिल की है। दोनों चैनलों ने खबर दी है कि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) को 17, मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (एमक्यूएम) को 10, जमात-ए-इस्लामी (जेआई) को सात और अवामी नेशनल पार्टी (एएनपी) और बलूचिस्तान अवामी पार्टी (बीएपी) को दो- दो सीटें मिली हैं।
आम चुनाव से पहले बेहद अहम होंगे नतीजे
पाकिस्तान में 2023 में आम चुनाव होने हैं। इससे पहले छावनी बोर्डों के यह चुनाव बेहद अहम माने जाते हैं क्योंकि इनसे पाकिस्तानी सियासी पार्टियों को जनता का मूड भांपने में मदद मिलती है। इस बीच, पीटीआई के नेता और सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने कहा कि पीटीआई ने ‘साबित’ किया है कि वह ‘एकमात्र पार्टी’ है, जिसे देश भर में और हर निर्वाचन क्षेत्र में समर्थन प्राप्त है।