इस्राइल और हमास के बीच जारी युद्ध ने 23वें दिन में प्रवेश कर दिया है। इस बीच, इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अपने एक बयान को लेकर अपने सहयोगियों और विपक्ष की तीखी आलोचनाओं को लेकर घिर गए हैं। नेतन्याहू ने सात अक्तूबर को हमास के घातक हमले को रोकने में विफलता के लिए देश की सुरक्षा सेवाओं को दोषी ठहराया था। हालांकि, रविवार को उन्होंने अपने बयान को लेकर माफी मांगी है।
नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स से उस मूल बयान को हटा दिया और एक नए पोस्ट में कहा, मैं गलत था। प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद मैंने जो बातें कहीं, उन्हें नहीं कहा जाना चाहिए था और इसके लिए मैं माफी मांगता हूं। मैं (सुरक्षा सेवाओं को) पूरा समर्थन देता हूं। उन्होंने आगे कहा, मैं सुरक्षा सेवाओं के सभी प्रमुखों को पूरा समर्थन देता हूं। मैं (आईडीएफ) के चीफ ऑफ स्टाफ, कमांडरों और सैनिकों को समर्थन दे रहा हूं, जो फ्रंटलाइन पर हैं और हमारे घरों (की सुरक्षा) के लिए लड़ रहे हैं।
इस्राइली प्रधानमंत्री ने एक्स पर क्या कहा था
इस्राइली प्रधानमंत्री ने शनिवार देर रात एक्स पर एक पोस्ट में कहा था कि उन्हें किसी भी स्तर पर हमास के युद्ध के इरादों के बारे में कोई चेतावनी नहीं मिली थी। उन्होंने जोर देकर कहा था कि सैन्य खुफिया प्रमुख और शिन बेट (घरेलू खुफिया एजेंसी) के प्रमुख सहित सभी सुरक्षा सेवाओं की राय थी कि हमास विचलित है और एक समझौते पर आना चाहता है। उनकी इस टिप्पणी की तीखी आलोचना हुई, जिसके बाद इसे हटा दिया गया।
बेंजामिन नेतन्याहू
- फोटो : सोशल मीडिया
युद्ध के बाद होगी गहन जांच, मेरे सहित सभी जवाब देंगे: नेतन्याहू
शनिवार शाम को एक संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों ने बार-बार नेतन्याहू से सवाल किया कि क्या उन्होंने हमास के हमलों को रोकने में विफलता के लिए अपनी जिम्मेदारी मानी है। एक सवाल को उन्होंने यह कहते हुए टाल दिया कि युद्ध के बाद इसके बारे में गहन जांच होगी और मेरे सहित सभी को जवाब देना होगा। इस बड़ी विफलता की कई सुरक्षा प्रमुखों ने जिम्मेदारी ली है लेकिन नेतन्याहू ने इसकी कोई भी जिम्मेदारी लेने से परहेज किया है। नेतन्याहू 13 महीने के छोटे से कार्यकाल को छोड़कर 2009 से इस्राइल के प्रधानमंत्री हैं।
डैनियल हगारी
- फोटो : एएनआई (फाइल)
आईडीएफ और शिन बेट में गहनता से जांच करेंगे: प्रवक्ता
वहीं, इस्राइली सेना के प्रवक्ता डैनियल हगारी ने भी इस सवाल से दूरी बनाई और कहा, मैं इस सवाल का जवाब नहीं दूंगा। हम अब एक युद्ध में हैं और इस पर फोकस कर रहे हैं। स्थानीय मीडिया ने हगारी के हवाले से कहा, सच के लिए हम आईडीएफ और शिन बेट में गहनता से जांच करेंगे और सबकुछ जनता के सामने पेश करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा, हम लड़ाई लड़ रहे हैं और युद्ध पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
नेतन्याहू के सहयोगी मंत्री बोले- अभी हिसाब-किताब का उचित समय नहीं
नेतन्याहू के सहयोगी राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामर बेन ग्वीर ने इसके लिए प्रधानमंत्री की आलोचना की। लेकिन यह भी कहा कि अभी हिसाब-किताब के लिए उचित समय नहीं है। हालांकि, धुर दक्षिणपंथी ओतज्मा येहुदित पार्टी के नेता बेन ग्वीर ने कहा कि अभी इस तरह की चर्चा के लिए समय नहीं है, लेकिन हिसाब-किताब के लिए बाद में काफी समय मिलेगा।
बेंजामिन नेतन्याहू, येर लैपिड
- फोटो : अमर उजाला
विपक्षी नेता लैपिड ने भी साधा नेतन्याहू पर निशाना
वहीं, विपक्ष के नेता येर लैपिड ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सुरक्षा और रक्षा सेवाओं पर आरोप लगाकर लक्ष्मण रेखा पार कर दी है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, आईडीएफ सैनिक और कमांडर हमास व हिजबुल्ला के खिलाफ बहादुरी से लड़ रहे हैं औऱ नेतन्याहू उनका समर्थन करने के बजाय उन्हें दोष देने की कोशिश कर रहे हैं। लैपिड ने कहा, जिम्मेदारी से बचने और सुरक्षा प्रतिष्ठान पर दोष मढ़ने के इस तरह के प्रयास आईडीएफ को कमजोर करते हैं, जबकि वह इस्राइल के दुश्मनों से लड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि नेतन्याहू को अपने शब्दों के लिए माफी मांगनी चाहिए।
गाजा
- फोटो : पीटीआई
एक दिन में हमास के 450 ठिकानों पर किया हमला: इस्राइली सेना
इस बीच, आईडीएफ ने गाजा में हमास के ठिकानों पर हमले तेज करते हुए कहा कि उसने पिछले एक दिन में संगठन से जुड़े करीब 450 ठिकानों पर हमला किया। आईडीएफ ने कहा कि लक्ष्यों में हमास कमांड सेंटर, अवलोकन चौकियां और एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल लॉन्च पोजिशन शामिल थे। इजरायली सेना ने अतिरिक्त सैनिकों के साथ रात भर गाजा पट्टी में जमीनी अभियानों का विस्तार किया।
Gaza War
- फोटो : सोशल मीडिया
8,000 से ज्यादा लोग मारे गए: स्वास्थ्य मंत्रालय, गाजा
इस महीने की शुरुआत में हमास ने इस्राइल के दक्षिण में कई इलाकों में घुसपैठ करते हुए हमलों को अंजाम दिया था। पांच हजार से ज्यादा रॉकेट दागे थे, जिसमें 1400 से अधिक इस्राइली नागरिक मारे गए। हमास के आतंकियों ने करीब 230 इस्राइलियों को बंधक बना लिया था। इस बीच, गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है कि इस्राइल के जवाबी हमलों में तटीय पट्टी में 8,000 से अधिक लोग मारे गए हैं।