पिछले साल एक हैरान करने वाला मामला सामने आया था। कनाडा के पूर्व शेफ केनेथ लॉ को गिरफ्तार किया गया था क्योंकि उसने लोगों को अपना जीवन समाप्त करने के लिए उपकरण और पदार्थ पेश करने वाली कई वेबसाइटें चलाई थीं। अब इस मामले एक और नई कार्रवाई हुई है। न्यूजीलैंड के एक कोरोनर (न्याय व्यवस्था से जुड़े अधिकारी) ने चार लोगों की मौत को इसी केस से जोड़ा है। उनका कहना है कि इन लोगों की मौत ऑनलाइन खरीदी गई 'आत्महत्या किट' से जुड़ी है।
इन लोगों ने ली जान
कोरोनर एलेक्जेंड्रा कनिंघम ने पाया कि 18 से 21 साल के तीन छात्रों और एक 40 वर्षीय निजी ट्रेनर ने कनाडाई केनेथ लॉ से किट खरीदने के बाद खुद की जान ले ली।
40 देशों को बेची मौत
कनाडाई जासूसों का मानना है कि केनेथ लॉ ने लोगों को अपना जीवन समाप्त करने के लिए उपकरण और पदार्थ पेश करने वाली कई वेबसाइटें चलाई थी। उसने करीब 40 देशों में घातक पदार्थों वाले 1,200 से अधिक पार्सल भेजे हैं। आरोपी का कमजोर लोगों को ऑनलाइन निशाना बनाना मकसद था।
पिछले साल हुआ था गिरफ्तार
लॉ को पहली बार पिछले साल मई में गिरफ्तार किया गया था और उस पर आत्महत्या में सहायता करने का आरोप लगाया गया था। अगस्त में, पुलिस ने उसके खिलाफ अतिरिक्त मामले दर्ज किए, जो सभी ओन्टारियो में हुई मौतों से जुड़े थे। कनाडाई अभियोजकों का आरोप है कि किट में एक खाद्य पदार्थ है, जिसका दुरुपयोग होने पर इंसान की जान ले सकता है।
हत्या के आरोपों के साथ-साथ, लॉ पर ओन्टारियो में हुई मौतों के संबंध में आत्महत्या के लिए उकसाने के 14 मामले, कुल 28 आरोप हैं। यदि कनाडाई कानून के तहत उसे सेकेंड-डिग्री की हत्या का दोषी पाया जाता है तो उसे आजीवन कारावास का सामना करना पड़ सकता है। लॉ फिलहाल पुलिस हिरासत में है और कनाडा के अन्य हिस्सों और यूके सहित कई देशों की जांच का वह विषय बना हुआ है। हालांकि, पूर्व शेफ ने आरोपों से इनकार किया है।
इन देशों के लोगों की मौत के पीछे भी लॉ
इंटरपोल द्वारा सतर्क किए जाने पर कई अन्य देशों ने जांच शुरू की। ब्रिटेन में कथित तौर पर कम से कम 272 लोगों ने उससे ऑनलाइन घातक केमिकल खरीदा था। इससे 88 लोगों की मौत हो गई थी। ब्रिटिश जासूसों ने इन मौतों के लिए लॉ को आरोपी माना है। वहीं, इटली में नौ खरीदारों की पहचान की गई है और कम से कम एक पीड़ित की मौत हो गई है।
पुलिस के अनुसार, कनाडाई पीड़ितों में 16 से 36 वर्ष की आयु के बीच के पुरुष और महिलाएं दोनों थे। न्यूजीलैंड के आत्महत्या रोकथाम कार्यालय ने इंटरनेट सेवा प्रदाताओं से न्यूजीलैंड में लॉ की वेबसाइट को ब्लॉक करने के लिए कहा है।