अमेरिका में एयरलाइंस कंपनियों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को भयानक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों की कमी के कारण सैकड़ों उड़ानें रद्द करनी पड़ रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, अभी तक सैकड़ों फ्लाइट्स रद्द किए जा चुके हैं। अमेरिकन एयरलाइंस के सीईओ डेविड सीमोर ने बताया कि मौसम में बदलाव के चलते कर्मचारियों की कमी आई हैं जिसके चलते उड़ाने प्रभावित हो रही हैं। कंपनी के डलास हब में क्षमता बुरी तरह से प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि आगामी उड़ानों में भी देरी की स्थिति बन सकती है।
सैकड़ों फ्लाइट्स रद्द
अमेरिकन एयरलाइंस कंपनी के सीनियर अधिकारी ने बताया कि मौसम में अचानक आए बदलाव की वजह से कर्मचारियों को व्यवस्थित करना काफी मुश्किल हो रहा है और फ्लाइट को लेकर जाने वाले पायलट भी सही वक्त पर वापस नहीं लौट पा रहे हैं, जिससे उड़ानें कैंसिल की जा रही है। उन्होंने कहा कि, उन्हें उम्मीद है कि "नए महीने की शुरुआत से परिचालन बहाल हो जाएगा। कंपनी की तरफ से उन 1800 कर्मचारियों को वापस काम पर बुलाया गया है, जिन्हें स्टैंडबाय पर रखा गया था और कंपनी की तरफ से कहा गया है, इस साल दिसंबर के महीने तक 600 फ्लाइट कर्मचारी और चार हजार एयरपोर्ट कर्मचारियों की बहाली की जाएगी।
कंपनी ने बड़ी संख्या में की थी छटनी
कोरोना के दौरान लॉकडाउन की वजह से अमेरिकन एयरलाइंस ने भारी तादाद में अपने कर्मचारियों की छंटनी कर दी थी, जिनमें पायलट से लेकर एयरपोर्ट के दूसरे स्टाफ भी शामिल थे। अब अनलॉक होने के बाद एयरलाइन कंपनी को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। अमेरिकन एयरलाइंस ने पिछले साल भयानक स्तर पर छंटनी की थी, लेकिन अब फिर से काफी तेजी से पायलट और कर्मचारियों को हायरिंग की जा रही है।