मंगलवार को अमेरिका के न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में साइकिल ट्रैक पर मौजूद लोगों को ट्रक से रौंदने वाला ट्रक ड्राइवर सेफु्ल्लो साइपोव उज्बेकिस्तान का था। उसने हमले से कुछ देर पहले ही ट्रक को किराए पर लिया था। अपने दोस्तों और जानने वालों के बीच शांत और मेहनती माना जाने वाला साइपोव आतंकी है यह सुनकर उसे जानने वाले हतप्रभ है।
हमले की जांच में लगे पुलिस अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी एपी को बताया कि ऐसा लगता है कि उसे आतंकी हमले के लिए ही तैयार किया गया था। सेफुल्लो के बारे में उसके पारिवारिक दोस्तों का कहना है कि वो एक शांत और खूब मेहनती इंसान है, जबकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उसे डरा हुआ एक बीमार आदमी कहा है।
मंगलवार को हमले के तुरंत बाद ही साइपोव के जीवन की परतें सामने आने लगी है, जिसकी ट्रक से कुचलकर 8 लोग मारे गए और 11 अन्य घायल हो गए हैं। हमले की जांच में जुटे अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि 29 वर्षीय हमलावर साइपोव मूल रूप से उज्बेकिस्तान का रहने वाला था।
पढ़ें: अमेरिका के न्यूयॉर्क में आतंकी हमला, 8 की मौत, ट्रंप ने कहा- ISIS को यहां घुसने नहीं देंगे
वह कानूनी रूप से 2010 में अमेरिका आया था, ऐसा माना जा रहा है कि पहलीबार जब वह आया तो ओहियो में रुका था। दिलनोजा एब्दुसमातोवा ने बताया कि जब वह अमेरिका आया तो कुछ दिनों के लिए उसके परिवार के पास ठहरा था।