खटीमा के भूड़ महोलिया क्षेत्र में सोमवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में ब्लेड से गला कटने से मौत हो गई। पुलिस इसे आत्महत्या से जुड़ा मामला मानते हुए जांच कर रही है। दोपहर के समय पुलिस को भूड़ मोहलिया में एक युवक के ब्लेड से अपना गला काटकर आत्महत्या करने की सूचना मिली। सूचना पर सीओ विमल कुमार , कोतवाल विजेंद्र शाह, दरोगा भूपेंद्र सिंह, दरोगा किशोर पंत ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। मौके पर भूड़ महोलिया निवासी दीपक सिंह (29) पुत्र बहादुर सिंह का खून से लथपथ शव घर के अंदर गैलरी में बाथरूम के सामने पड़ा मिला। उसका शव पीठ के बल गिरा था। मृतक के गले में कटने का गहरा निशान है। युवक की मौत से मां देवकी देवी समेत परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि दोपहर के समय लगभग एक बजे दीपक घर के बाथरूम में गया था। जहां उसने ब्लेड से अपना गला काट लिया। उन्होंने बताया कि दीपक मानसिक तनाव में था। सुबह के समय दीपक ने अपने घर की छत से छलांग लगाने का प्रयास किया था। सीओ विमल रावत ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। दीपक तीन भाईयों में सबसे छोटा था। वह अविवाहित था।