काशीपुर में स्कूली छात्र के शिक्षक को गोली मारने की घटना के बाद तराई इंडिपेंडेंट स्कूल्स वेलफेयर सोसाइटी की एक बैठक हुई। इस दौरान अन्य संगठन भी शामिल हुए। बैठक में ज्ञापन सौंपकर निजी स्कूलों में शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की। कार्यवाही के लिए प्रशासन को तीन दिन का समय दिया गया है। उसके बाद शांति मार्च निकालने की बात कही। कुंडेश्वरी रोड स्थित एक रिजॉर्ट में हुई बैठक में संगठनों के सदस्यों के साथ पुलिस-प्रशासन और महापौर दीपक बाली मौजूद रहे। बाली ने कहा कि इस तरह की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। इसके लिए पूरे समाज को गंभीरता से ध्यान देना होगा। एक शिक्षिका के शांतिपूर्वक मार्च निकालने की बात का समर्थन करते हुए उन्होंने शुक्रवार को मार्च निकालने के लिए कहा। एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों पर ध्यान देना होगा। प्रशासन शिक्षकों के साथ है। एसपी काशीपुर अभय सिंह ने कहा कि पुलिस आपकी मदद के लिए है। एडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का संज्ञान लिया गया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। वहां पर सीईओ केएस रावत, बीईओ धीरेंद्र शाहू, कोतवाली प्रभारी अमर चंद्र शर्मा, संगठन के अध्यक्ष अनुराग कुमार सिंह, उपाध्यक्ष पंकज भल्ला, सचिव ललित रौतेला, कोषाध्यक्ष विनीत सिंघल, मुक्ता सिंह, बीवी भट्ट आदि थे।