काशीपुर में सिख समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने से रोषित सिखों ने प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत का पुतला फूंका। साथ ही राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा, काशीपुर के तत्वावधान में शनिवार को एमपी चौक पर बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग एकत्रित हुए। उन्होंने राष्ट्रपति को प्रेषित ज्ञापन में कहा कि अपने विवादित बयानों और बड़बोलेपन के लिए प्रसिद्ध उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरक सिंह रावत ने देहरादून में एक कार्यक्रम के दौरान सिख समाज की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने कहा कि सरदार जी बारह बज गए। यह वाक्य उन्होंने एक बार नहीं बल्कि कई बार बोला। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही उत्तराखंड ही नहीं बल्कि समूचे देश के सिख समाज में भारी रोष व्याप्त हो गया है। काशीपुर में भी पुतला दहन करते हुए गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा अनुरोध करती है कि सिख समाज समेत किसी भी धर्म के खिलाफ विकृत मानसिकता प्रदर्शित करने वाले हरक सिंह रावत के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। वहां पर क्षेत्रीय विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, जिलाध्यक्ष मनोज पाल, गुरविंदर सिंह चंडोक, जगजीत सिंह कोहली, जतिन शर्मा, ईश्वर गुप्ता, दिलप्रीत सिंह सेठी, जोगिंदर सिंह जुग्गी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।