रुद्रपुर में नगर निगम सभागार में सोमवार को प्रतिभा सम्मान समारोह हुआ। इस दौरान हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मेयर विकास शर्मा ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को नगर निगम की ओर से स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बन सके। इसके साथ ही नगर निगम मेधावी विद्यार्थियों के लिए शैक्षिक भ्रमण (एजुकेशनल टूर) भी आयोजित करेगा, जिससे बच्चों को नई तकनीक, संस्थानों और आधुनिक व्यवस्थाओं को करीब से देखने और सीखने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में मेयर विकास शर्मा व नगर आयुक्त शिप्रा जोशी ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र व प्रमाणपत्र सौंपे। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं से संवाद किया गया। जिसमें शहर की व्यवस्थाओं और शिक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। विद्यार्थियों ने भी खुलकर अपने सुझाव रखे और शहर में डिजिटल लाइब्रेरी, कैरियर काउंसिलिंग सेंटर, बेहतर स्वच्छता व्यवस्था तथा युवाओं के लिए अध्ययन सुविधाएं बढ़ाने के सुझाव दिए। मेयर ने कहा कि नगर निगम केवल सड़क, नाली और सफाई तक सीमित संस्था नहीं है, बल्कि शहर के भविष्य को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी भी नगर निगम की है। उन्होंने कहा कि शहर के मेधावी छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ाने के लिए नगर निगम हरसंभव सहयोग करेगा। कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी शिक्षा ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक ज्ञान और सही मार्गदर्शन की भी आवश्यकता होती है। इसी उद्देश्य से नगर निगम भविष्य में कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रम भी आयोजित करेगा। नगर आयुक्त ने कहा कि सफलता केवल अंकों से नहीं बल्कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच से प्राप्त होती है। कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी शवेद आलम, बरीत सिंह, पार्षद चिराग कालरा, रवि सिडाना, मानविंदर सिंह समेत कई मेधावी शामिल रहे।