निकाय चुनावों में 40 वार्ड के पार्षद पद के लिए दावेदारों का ग्राफ 200 तक पहुंच गया है। यह आंकड़ा कांग्रेस से दावेदारी करने वालों का है। वहीं मेयर पद के लिए आठ लोगों के नाम सामने आए हैं। ऐसे में टिकट किसे देना है, हाईकमान के सामने चुनौतीपूर्ण हो गया है। बृहस्पतिवार को कांग्रेस नवचेतना भवन में कांग्रेस की ओर से सभी दावेदारों के आवेदन मंगवाए गए थे। यहां काशीपुर से मेयर पद और पार्षदों के अलावा जसपुर, बाजपुर और सुल्तानपुर पट्टी से भी चेयरमैन पद के लिए आवेदन आए। यहां मेयर पद के लिए एडवोकेट संदीप सहगल, अरुण चौहान, मुक्ता सिंह, इंदु मान, एडवोकेट उमेश चंद्र जोशी, मीनू गुप्ता, जय सिंह गौतम और शिवम शर्मा ने आवेदन दिए। उन्होंने जिला प्रभारी पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत के समक्ष अपनी दावेदारी पेश की। बाजपुर के नगर पालिका अध्यक्ष के लिए गुरजीत सिंह गित्ते, रेशम यादव, प्रेम यादव, महिपाल यादव, महेश कुमार सिंह ने आवेदन दिए। जसपुर से आबिद नूरी, अनीश रूबी, आरिफ सिद्दिकी ने चेयरमैन के लिए आवेदन दिए। साथ ही महुआखेड़ागंज से पूर्व चेयरमैन अब्दुल हसन और रिजवान अहमद ने आवेदन पत्र सौंपा। सुल्तानपुर पट्टी चेयरमैन के लिए सिर्फ एडवोकेट मोहम्मद रफी का आवेदन आया। आवेदन पत्र में आईं खामियां रायशुमारी में दावेदारों ने पर्यवेक्षक के सामने अपनी दावेदारी पेश की। कई दावेदार पर्यवेक्षक के लिए फूलमाला लेकर भी पहुंचे थे। हालांकि कई लोगों के आवेदन पत्र में खामियां देखकर उन्हें पर्यवेक्षक से सुनना भी पड़ा। साथ ही जिम्मेदारों को दावेदारों को सही से प्रक्रिया ना बताने पर उन्हें भी हिदायत दी गई। 200 पार्षद दे चुके आवेदन काशीपुर के 40 वार्डों के 200 पार्षद दावेदारों ने अपना आवेदन महानगर कांग्रेस कमेटी जिला अध्यक्ष मुसर्रफ हुसैन के पास दे चुके हैं। जिला अध्यक्ष हुसैन ने बताया कि कांग्रेस मजबूती के साथ मेयर सीट जीतने जा रही है। यहां पर जसपुर विधायक आदेश चौहान, जिला अध्यक्ष हिमांशु गावा आदि लोग मौजूद रहे।