गदरपुर के ग्राम खटोला में बिना अनुमति 0.100 हेक्टेयर भूमि पर लगाई गई ग्रीष्मकालीन धान की पौध को प्रशासन ने नष्ट करा दिया। शनिवार को एसडीएम ऋचा सिंह, तहसीलदार लीना चंद्रा और जिला कृषि अधिकारी वाईके यादव संयुक्त टीम के साथ खटोला पहुंचे। मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम ने जांच के बाद बिना अनुमति के 0.100 हेक्टेयर भूमि पर बोई गई ग्रीष्मकालीन धान की पौध को ट्रैक्टर की मदद से नष्ट करवा दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध करना चाहा तो अधिकारियों ने उन्हें ग्रीष्मकालीन धान से होने वाले नुकसान की जानकारी दी और वैकल्पिक फसलों के लिए विभागीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। प्रशासन ने चेतावनी दी कि बिना अनुमति ग्रीष्मकालीन धान की बुवाई करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस दौरान कानूनगो भगत सिंह और लेखपाल नरेंद्र कुमार आदि मौजूद थे।