रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप के फुलसूंगा स्थित जेष्टा कॉलोनी में शनिवार देर रात एक मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना पर फायर स्टेशन रुद्रपुर की टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन स्थानीय लोगों ने दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया। हालांकि अग्निकांड में घर का काफी सामान जलकर नष्ट हो गया। जानकारी के अनुसार, जेष्टा कॉलोनी निवासी सुजीत बिस्वास पुत्र सुनील बिस्वास के घर में अचानक आग लग है। सूचना पर अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र अपनी फायर यूनिट को लेकर घटनास्थल के लिए रवाना हुए। दमकल की टीम मौके पर आई तो पता चला कि आग आग लगने के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया और काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से पहले ही बुझा दिया। अग्निकांड में घर के अंदर रखा फ्रिज, कूलर, बेड, पंखे, कपड़े समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। फायर सर्विस की टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। एफएसओ महेश चंद्र ने कहा कि फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।