जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) कार्यक्रम में ऊधम सिंह नगर को देश में चौथा स्थान मिला है। शुक्रवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने डीएम नितिन सिंह भदौरिया को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। शनिवार को रुद्रपुर पहुंचे डीएम ने इस उपलब्धि के लिए सभी अधिकारियों का आभार जताया। पीएम जनमन सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य देश के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों का सर्वांगीण विकास करना है। यह कार्यक्रम 15 नवंबरर 2023 को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरू किया था। योजना के अंतर्गत भारत के 75 जनजातीय जिलों के लगभग 75 समुदायों के 28 लाख से अधिक लोगों को मुख्यधारा में लाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही उन जनजातीय समुदायों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है जो अब तक विकास की मुख्यधारा से वंचित रहे हैं। इनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल, बिजली, आवास, सड़क, मोबाइल नेटवर्क और आजीविका के साधन शामिल हैं। पीएम जनमन कार्यक्रम का बजट लगभग 24,000 करोड़ रुपये रखा गया है, जो अगले तीन वर्षों में खर्च किया जाएगा। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने कहा सभी अधिकारियों की सक्रियता से यह सम्मान मिला है। इसके लिए उन्होंने सभी को बधाईयां दी हैं।