रुद्रपुर में किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हरमिंदर सिंह लाडी के आरोपों पर किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने लाडी को रुद्रपुर दंगों का मास्टरमाइंड करार दे दिया। कहा कि रुद्रपुर दंगे की पटकथा लाडी ने लिखी थी और लाडी का काला चिट्टा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखेंगे। वहीं, किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हरमिंदर सिंह लाडी ने कहा कि वे गंदी राजनीति नहीं करते हैं। विधायक तिलकराज बेहड़ ने तीन बार उनके खिलाफ बोला और उस पर उन्होंने जवाब दिया। वे नहीं चाहते कि लड़ाई सड़क पर आए। बेहड़ ने शुरूआत की और वे माफी मांगे। कहा कि उनको प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने का दम बेहड़ में नहीं है। किसको पद मिलना है और किसको हटाना है, इसका फैसला राहुल गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष करते हैं।