काशीपुर में देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ शाखा काशीपुर के पदाधिकारियों व सदस्यों ने प्रदेश सरकार की वायदा खिलाफी के विरोध में नगर निगम परिसर में धरना प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित आठ सूत्रीय मांग पत्र निगम प्रशासन को सौंपा।नगर निगम परिसर स्थित शाखा कार्यालय से निगम के प्रशासनिक कार्यालय तक संघ सदस्यों ने महानगर अध्यक्ष सुमित सौदा के नेतृत्व में जुलूस निकाला। इस दौरान निगम गेट पर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। पर्यावरण मित्रों ने इस दौरान वादा निभाओ-वरना कुर्सी खाली करो, ठेका प्रथा मुर्दाबाद, ओपीएस बहाल करो, नियमितीकरण लागू करो आदि नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार की ओर से 27 जुलाई 2021 को हुए समझौते को लागू न करने और सफाई कर्मचारियों की मांगों की लगातार उपेक्षा करने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। सभी कर्मियों ने काली पट्टी बांधकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि 5 साल बीत गए पर सरकार ने ओपीएस नियमितीकरण ठेका प्रथा बंद करने समेत कोई भी वायदा पूरा नहीं किया। पर्यावरण मित्र अब और धोखा बर्दाश्त नहीं करेगा। 18 जून से प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू हो चुका है। अगर सरकार ने जल्द मांगें नहीं मानीं तो काशीपुर में भी तालाबंदी और कार्य बहिष्कार किया जाएगा। पर्यावरण मित्रों ने सफाई कार्य में ठेका प्रथा बंद करने, विनियमितीकरण नियमावली 2025 में कट ऑफ डेट 2018 संशोधन कर 2024-25 करने समेत आठ सूत्रीय मांग पत्र कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा को सौंपा। यहां पर प्रदेश सचिव जितेंद्र देवांतक, मोहल्ला स्वच्छा समिति अध्यक्ष अमित टांक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय कुमार, रिंकू कुमार, राजेश कुमार बबलू, अनीता, रोहित खत्री, गीता, सरोज आदि शामिल रहे।