कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मोदी सरकार के सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 साल हो गए हैं। केंद्र सरकार ने सभी योजनाएं आम लोगों और गरीबों को केंद्र में रखकर बनाई हैं। 10 करोड़ से अधिक छोटे और गरीब किसानों को किसान सम्मान निधि जारी की गई है और 10 करोड़ से अधिक गरीब लोगों को शौचालय दिए गए हैं। बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता में मंत्री ने केंद्र सरकार की 11 साल की उपलब्धियों को गिनाया। कहा कि सरकार के हर घर जल हर घर नल योजना के तहत चार करोड़ 92 लाख लोगों को कनेक्शन दिए गए हैं। आठ राज्यों और तीन केंद्र शासित राज्यों में योजना के तहत 100 फीसदी जल घरों में पहुंच चुका है। गरीबों के चार करोड़ आवास बन चुके हैं और 92.35 लाख घर लाभार्थियों को सौंपे जा चुके हैं। आयुष्मान योजना गरीबों के लिए संजीवनी साबित हुई है। कहा कि दो करोड़ 68 लाख लोगों को सौभाग्य योजना के तहत बिजली के कनेक्शन दिए गए हैं। कहा कि मोदी जी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। कर्णप्रयाग तक रेल पहुंचाने का कार्य प्रधानमंत्री मोदी कर रहे हैं। ऐलिवेटेड रोड बनने के बाद सिर्फ ढाई घंटे में दिल्ली से देहरादून पहुंच जाएंगे। केंद्र ने प्रदेश की सरकार को इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बड़ा योगदान दिया है। प्रदेश में धामी सरकार ने सबसे सख्त नकल विरोधी कानून बनाया। इसके साथ ही भ्रष्टाचारियों पर लगातार कार्रवाई हो रही है। हरिद्वार में 12 अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। वहां पर जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, उत्तम दत्ता, तरूण दत्ता, हिमांशु शुक्ला, मयंक मौजूद रहे।