काशीपुर में छह साल से भूमाफियाओं ने एक विधवा की 4.5 बीघा भूमि पर कब्जा कर रखा है। अब विधवा अपनी भूमि को कब्जामुक्त कराने के लिए भटक रही है। वह तीन बार एसडीएम कोर्ट में पैमाइश के लिए आवेदन भी कर चुकी हैं, लेकिन पैमाइश नहीं हुई है। बहुउद्देशीय शिविर में महिला ने सीडीओ को ज्ञापन दिया, जिस पर सीडीओ ने तहसीलदार को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम गिन्नीखेड़ा की रहने वाली बलविंदर कौर पत्नी स्व. लखविंदर सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी को ज्ञापन दिया। महिला ने सीडीओ को बताया कि उनकी ग्राम बांसखेड़ा कला में भूमि खाता संख्या 00237, खसरा संख्या 1/11 मि. रकबा 0.2800 हे0, जो करीब 4.5 बीघा है। जो मेरे और दो बेटे पलविंदर सिंह और कुलवंत सिंह के नाम पर तहसील काशीपुर में दर्ज है। महिला ने बताया कि छह साल पहले भू माफियाओं ने भूमि पर कब्जा कर लिया था, तब से वह खेती नहीं कर पा रही है। भूमि को कब्जामुक्त कराने के लिए एसडीएम काशीपुर की कोर्ट में भूमि पैमाइश के लिए तीन बार आवेदन किया, लेकिन अभी तक भूमि की पैमाइश नहीं हुई है। आरोप लगाया कि भूमाफियाओं ने पैसा देकर फाइलों को दबा दिया है। वहीं, सीडीओ ने तहसीलदार पंकज चंदोला को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।