फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घनसाली में 18 साल पुरानी सड़क बदहाल, घोंटी–बणचुरी मोटर मार्ग पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

भिलंगना ब्लॉक के घोंटी–गोजियाणा–सांग्डिया–बणचुरी–इंद्रोला–दोणी–सांझघेरा मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। वर्षों से जर्जर पड़ी इस सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिससे लोगों का सफर जोखिम भरा हो गया है। हाल ही में सोशल मीडिया पर लोक गायक गीताराम कंसवाल द्वारा इस सड़क की खस्ताहाल स्थिति को दिखाता एक वीडियो वायरल होने के बाद एक बार फिर यह मुद्दा चर्चा में आ गया है। ग्रामीणों के अनुसार इस मोटर मार्ग का निर्माण वर्ष 2008 में किया गया था, लेकिन निर्माण के महज चार वर्ष बाद ही वर्ष 2012 में सड़क पूरी तरह उखड़ने लगी। इसके बाद से आज तक सड़क का समुचित डामरीकरण नहीं किया गया। करीब 11 किलोमीटर लंबा यह मार्ग लगभग 5,000 की आबादी वाले क्षेत्र को जोड़ता है और रोजाना सैकड़ों लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन चालकों और यात्रियों को हर दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। कई बार विभाग से सड़क सुधार की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग, घनसाली के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार राठौर ने बताया कि यह सड़क पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधीन थी और हाल ही में इसे लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क के डामरीकरण के लिए प्रस्ताव (स्टीमेट) शासन को भेज दिया गया है। फिलहाल सड़क पर बने गड्ढों को भरने के लिए मशीन मौके पर भेज दी गई है, ताकि लोगों को अस्थायी राहत मिल सके। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य ममता देवी, ग्राम प्रधान कमला देवी, सुरजा देवी, भगवान दास, रविंद्र नेगी, हुकम सिंह, बाग सिंह, शिव सिंह सहित अनेक ग्रामीणों ने शासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द से जल्द सड़क का पूर्ण डामरीकरण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र के विकास और सुरक्षित आवागमन के लिए इस सड़क का शीघ्र पुनर्निर्माण बेहद आवश्यक है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें