उत्तराखंड बोर्ड 12वीं के परिणाम में जिले के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। अगस्त्यमुनि स्थित जीएमपीआईसी विजय नगर के दो छात्रों ने प्रदेश मेरिट में स्थान हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। विद्यालय के छात्र शिवम मलेठा ने 96.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 6वीं रैंक हासिल की। वहीं इसी विद्यालय के आदित्य नौटियाल ने 94.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 16वीं रैंक हासिल की। उनकी उपलब्धि पर परिवारजनों व विद्यालय ने खुशी जाहिर की है। शिवम के पिता दिनेश चंद्र मलेठा शिक्षक हैं और माता इंदु मलेठा गृहिणी हैं। वहीं आदित्य के पिता संजय नौटियाल चंद्रापुरी में हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय चमोला ने बताया कि छात्रों की मेहनत रंग लाई है। उन्होंने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।