बर्फबारी के बाद चोपता क्षेत्र में बड़ी पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों की संख्या के बाद टैक्सी संचालकों द्वारा निर्धारित दरों से अधिक किराया वसूले जाने की शिकायत आ रही है। इन्हीं शिकायतों को जांच करने जिलाधिकारी उखीमठ अनिल रावत तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी धर्मेन्द्र सिंह बिष्ट ने स्थानीय थानाध्यक्ष के साथ चोपता क्षेत्र में संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई टैक्सी वाहनों की दर सूची, परमिट, फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य अभिलेखों की जांच की गई। इस दौरान कुछ टैक्सी संचालकों द्वारा निर्धारित किराया दरों से अधिक वसूली किए जाने की पुष्टि होने पर उन्हें कड़ी चेतावनी देने के साथ चालान किया गया। वहीं निरीक्षण के दौरान प्राइवेट वाहनों के पर्याप्त दस्तावेज, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट आदि न होने पर चालान किया गया। उप जिलाधिकारी अनिल रावत ने कहा कि चोपता एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां पर्यटकों की सुविधा और विश्वास बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। यदि भविष्य में ओवरचार्जिंग अथवा यातायात नियमों के उल्लंघन की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।