इस वर्ष भारी बरसात से भूधंसाव और भूस्खलन की चपटे में आने के कारण रुद्रप्रयाग जवाड़ी बाईपास पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ था। वहीं पुल को जोड़ने वाली अप्रोच रोड भी प्रभावित हुई थी, जिस कारण इस मार्ग पर यातायात प्रभावित था और वाहनों की आवाजाही मुख्य बाजार से हो रही थी। ऐसे में मुख्य बाजार में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी। रविवार को पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग प्रबोध कुमार घिल्डियाल ने जवाड़ी बाईपास पर निर्माणाधीन पुल की एप्रोच रोड के सुधारीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि मार्ग को ठीक करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और आज (सोमवार) इस मार्ग को यातायात के लिए फिर से सुचारु कर दिया जाएगा। इस मानसून सीजन के दौरान अत्यधिक वर्षा और भूधंसाव के कारण जवाड़ी बाईपास की एप्रोच रोड कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे सुरक्षा की दृष्टि से लगभग सप्ताह भर पहले यहां पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया था। वहीं जब तक कार्य पूर्ण नहीं होता, तब तक तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ और केदारघाटी की ओर जाने वाले वाहनों को रुद्रप्रयाग कस्बे से बेलनी पुल होते हुए भेजा जा रहा है।