मणिगुह में आयोजित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर में ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा, मोबाइल नेटवर्क और जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए। शिविर में कुल 61 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 40 का मौके पर निस्तारण किया गया। ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी ने मालखी के नैनी तोक में सड़क किनारे सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग रखी। राजकीय इंटर कॉलेज मालखी के प्रधानाचार्य जी.एस. नेगी ने विद्यालय तक इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने का मुद्दा उठाया। ग्राम प्रधान मालखी संदीप सिंह नेगी ने ख्याल्यो क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क समस्या का हवाला देते हुए टावर स्थापित करने की मांग की। वहीं ग्रामीण विमला देवी ने जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाते हुए खेतों की घेरबाड़ कराने की मांग की। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने कई समस्याओं का मौके पर समाधान किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजा गया। कार्यक्रम में विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव स्तर पर पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना है।