विश्व के सबसे ऊंचे शिव मंदिर तृतीय केदार तुंगनाथ धाम में 15 जून को वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। मंदिर परिसर, यात्रा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में आयोजित होने वाले इस अभियान में स्थानीय लोग, श्रद्धालु, मंदिर समिति और रुद्रप्रयाग पुलिस भाग लेगी। तुंगनाथ मंदिर के पुजारी अभिषेक मैठाणी ने श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से अभियान में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि धाम पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु अपने साथ एक खाली थैला लेकर आए और यात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाले प्लास्टिक तथा अन्य कचरे को उसी में भरकर वापस नीचे लाए। इससे तुंगनाथ धाम और आसपास के संवेदनशील हिमालयी क्षेत्र को स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी। जिला पुलिस ने भी अभियान में सहयोग की घोषणा की है। पुलिस के जवान और अधिकारी स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में भाग लेंगे।