सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत पठाली में आयोजित जनसंवाद में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल और वन्यजीवों के आतंक सहित कई समस्याएं उठाईं। जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में ग्रामीणों ने कहा कि गांव तक पहुंचने वाली सड़क का निर्माण लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क बनने से क्षेत्र को वैकल्पिक यात्रा मार्ग के रूप में भी विकसित किया जा सकता है। ग्रामीणों ने पेयजल संकट का मुद्दा उठाते हुए पिंगला पेयजल योजना से पठाली गांव को जोड़ने की मांग की। वहीं महिलाओं ने भालू और बाघ के बढ़ते आतंक से गांव की सीमा पर सोलर लाइट लगाने की मांग की। साथ ही जनसंवाद में विधायक निधि से बने क्षतिग्रस्त प्रतीक्षालय की मरम्मत, दुर्गाधार मंदिर के सुधारीकरण, सड़क मार्ग के पुनरुद्धार और आंगनबाड़ी भवन की छत निर्माण की मांग भी उठाई गई। जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर ने ग्रामीणों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाने और आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।