जखोली। ब्लॉक सभागार में मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख जखोली विनीता चमोली की अध्यक्षता में बीडीसी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क, पेयजल, सिंचाई, आवास, विद्युत और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख नवीन सेमवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के सर्वे की तिथि बढ़ाने का प्रस्ताव रखा, ताकि पात्र परिवार योजना से वंचित न रहें। ग्राम प्रधान टाट ने आंगनबाड़ी केंद्र की जर्जर स्थिति का मामला उठाते हुए भवन की मरम्मत और सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग की। ग्राम प्रधान बांसी ने गांव के शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण की मांग रखी। ग्राम प्रधान चौरा ने सार्वजनिक स्थलों पर सोलर लाइट लगाने की मांग की। वहीं ग्राम प्रधान मुन्नादेवल पुनीत डिमरी ने क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सिंचाई नहरों की मरम्मत करने व किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया। ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष रितु नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख नवीन सेमवाल, कनिष्ठ प्रमुख राजेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी अनिता पंवार, उपजिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया, खंड विकास अधिकारी विजय सिंह नेगी आदि विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।