पिथौरागढ़ नगर में कई घरों में चोरी करने वाला शातिर चोर पुलिस की गिरफ्त में आया है। पुलिस के मुताबिक, चोर सीसीटीवी से बचने के लिए छाता ओढ़कर चोरी करता था। नींबू और मिर्च बेचने के बहाने चोरी के लिए घरों को तलाशता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक बीते चार अगस्त को न्यू बजेटी निवासी लाल सिंह बोनाल ने कोतवाली में तहरीर दी। उसने बताया कि वह परिवार सहित इलाज के लिए दिल्ली गया था। इसी बीच उसके घर का ताला तोड़कर भीतर रखे 60,000 रुपये चोरी कर लिए। तहरीर मिलने के बाद पुलिस चोर की खोजबीन में जुटी। सीसीटीवी खंगाले गए। पुलिस को छाता ओढ़े एक संदिग्ध सीसीटीवी में नजर आया तो उसकी खोजबीन शुरू हुई। 15 अगस्त की रात डेढ़ बजे के करीब पपदेव तिराहे के पास चोर छाता ओढ़कर एक घर में चोरी करने की फिराक में था तो पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसकी पहचान क्रिश थारू(19) निवासी नटखेरा, तेलीबाग, लखनऊ, यूपी के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले नींबू और मिर्च बेचने के बहाने नगर की गलियों में घूमकर चोरी के लिए घरों की तलाश करता था। सीसीटीवी से बचने के लिए छाता ओढ़कर चोरी करता था। बिना आवाज किए भागने के लिए चप्पल उताकर चोरी की घटना को अंजाम देता था। ताला तोड़ने के लिए लोहे का पाइप, पेजकस का इस्तेमाल होता था ताकि कम से कम आवाज हो। घरों से सोना-चांदी चुराकर इसे बाहरी राज्यों में बेचकर वापस पिथौरागढ़ आता था। एसपी रेखा यादव ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने 25 मार्च को न्यू टकाना में एक घर से आभूषण और नगदी भी चुराई। आरोपी को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। बताया कि आरोपी को पकड़ने वाली टीम को 25,000 नगर पुरस्कार दिया जाएगा। आरोपी के पास से 22,100 की नगदी, चार चांदी के सिक्के, लोहे का पाइप, पेजकस और छेनी भी बरामद हुए हैं>